पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर सीमा से सटे गांव पंडोरी में दिखे 4 संदिग्ध…पेट्रोलिंग बढ़ाई..5 घंटा चला सर्च अभियान

वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा.पठानकोट। 

पंजाब और जम्मू-कश्मीर सीमा से सटे गांव पंडोरी में बीती रात चार संदिग्ध देखे जाने के बाद पठानकोट पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। रविवार को पठानकोट पुलिस ने जम्मू और कश्मीर सीमा से सटे इलाकों में पांच घंटे तक सर्च अभियान चलाया। वहीं, पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। पठानकोट जिले की सीमा जम्मू-कश्मीर के जिला कठुआ से लगती है।


कठुआ के ही गांव में देर रात संदिग्ध देखे गए। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने सर्च अभियान चलाया और सुबह घटना की सूचना मिलने पर पठानकोट पुलिस, स्वाट और घातक कमांडो की टीम ने नरोट जैमल सिंह थाना प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में सीमावर्ती गांवों में गहन सर्च अभियान चलाया। इस दौरान दर्जनों गांवों में जाकर लोगों से मुलाकात की गई और सतर्क रहने को कहा गया।

गहनता से वाहनों की जांच की
नरोट जैमल सिंह थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि सुनिश्चित किया जा रहा है कि सीमा से सटे इलाकों में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति प्रवेश न कर सके। पुलिस ने सीमांत क्षेत्र में सुरक्षा चक्र को मजबूत करने के साथ ही आने-जाने वालों और वाहनों की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही बीएसएफ ने भी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमांत इलाका होने के कारण सुरक्षा हाई अलर्ट पर रहती है। क्षेत्र से सटे जम्मू के कठुआ जिले के सीमांत इलाके में संदिग्धों की गतिविधि दर्ज होने के बाद से सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बना दिया गया है।

100% LikesVS
0% Dislikes