स्टेट ब्यूरो.एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला कत्ल केस के तार अब पंजाब के पटियाला से जुड़े हैं। लुधियाना पुलिस नाभा के गांव समशपुर के रहने वाले 21 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी जसकरन सिंह उर्फ कर्ण को गिरफ्तार करके ले गई है। जसकरन सिंह पर आरोप है कि मूसेवाला के कत्ल केस के लिए हथियार उसी ने सप्लाई किए थे। वहीं कबड्डी खिलाड़ी के माता-पिता ने अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए पुलिस पर साजिश के तहत फंसाने के आरोप लगाए हैं।
आरोप है कि मूसेवाला के कत्ल में इस्तेमाल हथियार कनाडा में बैठे गोल्डी बराड़ ने जसकरन सिंह उर्फ कर्ण को भेजे थे। कर्ण ने यह हथियार आगे बलदेव चौधरी उर्फ बल्लू को सप्लाई किए थे। बताया जा रहा है कि कर्ण ने मार्च माह में बलदेव चौधरी उर्फ बल्लू को दो हथियार दिए थे।
मेरा बेटा निर्दोष
उधर, जसकरन सिंह उर्फ कर्ण के पिता जगतार सिंह व माता राजविंदर कौर ने मीडिया से बात करते अपने बेटे को पूरी तरह से निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि कर्ण एक अच्छा कबड्डी खिलाड़ी है और अब तक किसी के साथ लड़ाई-झगड़े में शामिल नहीं रहा है।
लुधियाना पुलिस ने मूसेवाला कत्ल मामले में उनके बेटे को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका गोल्डी बराड़ के साथ किसी भी तरह का कोई लेना-देना नहीं था। उनके बेटे ने कभी भी गोल्डी बराड़ से फोन पर बात तक नहीं की।साथ ही कहा कि पुलिस की ओर से उनके बेटे कर्ण को झूठे केस में फंसाया जा रहा है। पुलिस को चाहिए कि जो असली आरोपी हैं, उनको गिरफ्तार करे। माता-पिता ने कहा कि अगर हथियारों के सप्लाई जैसी कोई बात होती, तो उसको जरूर पता लगता। जब मूसेवाला का कत्ल हुआ, तब भी उनका बेटा घर पर था। अगर वह किसी भी तरह से इस मामले में शामिल होता, तो अब तक वह फरार हो चुका होता, वह अपने घर पर नहीं मिलता। फिलहाल, पुलिस ने इस संबंध में किसी प्रकार से कोई जानकारी नहीं दी।

