राज्य ब्यूरो.एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
सोमवार शाम पांच बजे पंजाब सरकार में पांच नए मंत्री शामिल हो गए। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने सभी को शपथ दिलाई। जिन पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, उनमें सुनाम से दूसरी बार विधायक बने अमन अरोड़ा, पहली बार चुन कर आए अमृतसर दक्षिण से विधायक डा. इंदरबीर सिंह निज्जर, समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ा माजरा, खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान और गुरुहरसहाय के विधायक फौजा सिंह सरारी शामिल हैं।
जानें नए मंत्रियों के बारे में… कौन हैं डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर
डॉ. निज्जर पेशे से डॉक्टर हैं और अमृतसर साउथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। वे सिखों के सबसे पुराने धार्मिक व शिक्षण संस्थान चीफ खालसा दीवान के अध्यक्ष भी हैं। वे पंजाब विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर भी रहे हैं। इस बार के चुनाव में कड़ी टक्कर देकर जीत हासिल की थी।
अमन अरोड़ा
तेज तर्रार वक्ता माने जाने वाले अमन अरोड़ा सुनाम से दूसरी बार विधायक बने हैं। उन्होंने बड़ी लीड से जीत हासिल की थी। उनके पिता बाबू भगवान दास अरोड़ा कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार थे और कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे थे । अरोड़ा आप संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बेहद करीब हैं।
अनमोल गगन मान
खरड़ की विधायक अनमोल गगन मान प्रसिद्ध गायिका हैं और आप के यूथ विंग की प्रदेश उपप्रधान भी रह चुकी हैं। गीतकारी के साथ समाज सेवा का शुरु से ही शौक था। इस शौक ने ही उन्हें राजनीति में पांव रखने का अवसर दिया। फिलहाल, वे आम जनता के काफी पसंदीदा नेत्री हैं। पिछले दिनों डीएसपी की कुर्सी में बैठकर लोगों की समस्या सुनने की तस्वीरें सोशल मीडिया में खूब वायरल हुई थी। विपक्ष ने इस मुद्दे पर कई प्रकार की टिप्पणियां की थी।
चेतन सिंह जौड़ा माजरा
54 वर्षीय चेतन सिंह जौड़ा माजरा समाना से विधायक हैं और गैर राजनीतिक परिवार से हैं। वे आम आदमी पार्टी की जिला पटियाला की ग्रामीण यूनिट के प्रेसिडेंट रह चुके हैं। वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव में जोड़ा माजरा ने बड़े अंतर से पूर्व अकाली मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा को पटखनी दी थी।
फौजा सिंह सरारी
फौजा सिंह सरारी गुरुहरसहाय के विधायक हैं और पूर्व पुलिस कर्मचारी हैं। सेवानिवृत होने के उपरांत आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए । विधानसभा चुनाव 2022 में बड़ी जीत हासिल की।