बड़ी खबर—पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा से सिख शिक्षिका का अपहरण, परिवार ने एसजीपीसी से लगाई मदद की गुहार

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

पाकिस्तान में एक सिख परिवार की सरकारी शिक्षिका को रास्ते से ही अगवा कर लिया गया। मामला  खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बुनेर जिले के पीर बाबा का बताया जा रहा हैं। युवती का अभी तक कुछ नहीं पता चला हैं। इस मसले को लेकर वहां पर रहने वाले सिख एवं हिंदू परिवार में काफी रोष पाया जा रहा हैं। पीड़ित परिवार ने विश्व भर की सिख बिरादरी एवं सिखों की सर्वश्रेष्ठ संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) से मदद की गुहार लगाते हुए, भारत सरकार के माध्यम से पाकिस्तान सरकार पर दबाव डालने की अपील की। बताया जा रहा है कि मामला एसजीपीसी के संज्ञान में आ चुका हैं। जल्द ही बड़ा कदम उठाया जा सकता हैं। घटनाक्रम शनिवार का बताया जा रहा हैं। 

जानकारी के अनुसार लापता लड़की का नाम दीन कौर है। वह एक सरकारी शिक्षिका है। पिता गुरचरण सिंह पाकिस्तान के स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और एक गुर सिख परिवार से संबंध रखते हैं। उन्होंने मीडिया को बताया कि सिख व हिन्दू भाईचारे ने लड़की के लापता होने के मामले में वहां के डीसी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया है। लेकिन, अभी तक उन्हें किसी प्रकार से कोई इंसाफ नहीं मिला।


पड़ोसी ने किया अपहरण
पिता ने बताया कि उनकी बेटी सरकारी शिक्षक है। रोज की तरह ड्यूटी पर घर से निकली थी। रास्ते में उसके पड़ोसी हसब उल्लाह ने अपने साथियों के साथ उसे अगवा कर लिया। पुलिस और प्रशासन की आरोपियों के साथ मिलीभगत है। यही वजह है कि बेटी का कुछ पता नहीं चल रहा है। एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।


उन्होंने कहा कि वह पिछले कई घंटों से अपनी बेटी की तलाश में जुटे हैं लेकिन स्थानीय पुलिस न्याय नहीं दे रही है। पिता ने पाकिस्तान के अलावा अन्य देशों में रहने वाले सिख समुदाय के लोगों से मदद की अपील की है। उन्होंने कहा कि सूत्रों से पता चला है कि आरोपियों ने पुलिस की मिलीभगत से लड़की को किसी जगह पर छिपा रखा है।

100% LikesVS
0% Dislikes