एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा कटौती को वीआईपी कल्चर पर कार्रवाई बताने वाली आप को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सुरक्षा कटौती के फैसले पर रोक लगा दी है। सरकार को सुरक्षा को बहाल करने के आदेश देते हुए हाईकोर्ट ने इसकी समीक्षा करने को कहा है।
केंद्र-खुफिया एजेंसी से चर्चा के बाद ले फैसला
हाईकोर्ट ने पंजाब पुलिस को कहा कि वह केंद्र और राज्य की खुफिया एजेंसियों से चर्चा के बाद ही इस तरह का फैसला ले। हाईकोर्ट ने सिक्योरिटी लीक पर भी चिंता जताई। हाईकोर्ट ने कहा कि जानकारी सार्वजनिक होने से कई खतरे के घेरे में आ जाते हैं। शरारती तत्व इसका गलत फायदा उठा सकते हैं।
सुरक्षा कटौती के बाद मूसेवाला का कत्ल हुआ
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का 29 मई को कत्ल हो गया था। इससे एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने उनकी सिक्योरिटी कम की थी। उनके पास से 4 में से 2 कमांडो वापस ले लिए गए थे। इसके बाद सरकार पर सवाल खड़े हुए कि उन्होंने मूसेवाला की सुरक्षा क्यों घटाई?। अगर सुरक्षा घटानी भी थी तो फिर इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों की गई।
हाईकोर्ट पहुंची थी 45 पिटीशन
मान सरकार ने सत्ता में आने से पहले ही सुरक्षा कटौती शुरू कर दी थी। मूसेवाला के कत्ल से पहले तक 4 बार सुरक्षा घटाई गई। जिसमें ज्यादातर कांग्रेसी नेता, धार्मिक शख्सियतें, रिटायर्ड और सेवारत पुलिस अफसर और दूसरी सेलिब्रिटी थी। बार-बार इसके बारे में जानकारी सार्वजनिक की गई। जिसे आम आदमी पार्टी वीआईपी कल्चर पर एक्शन बताती रही। इसके खिलाफ हाईकोर्ट में 45 पिटीशन पहुंच चुकी थी।