एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राज्य की आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला किया है। उन्होंने कहा है कि भगवंत मान सरकार के समय में पंजाब में अलगाववादी सिर उठा रहे हैं। यह खतरनाक है। इसके बाद आम आदमी पार्टी की ओर से कांग्रेस पर पलटवार किया गया है। आप ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से पंजाब में सौहार्द बिगाड़ने का काम करती रही है। अब उसका मकसद पूरा नहीं होने दिया जाएगा।
राजा वड़िंग ने इस बयान पर जताई चिंता
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव को ट्वीट करते हुए लिखा कि यह क्या हो रहा है। अब अलगाववादियों ने सिर उठाना शुरू कर दिया है। जिसका डर था, वही हो रहा है। कांग्रेस ने खालिस्तानियों के साथ आम आदमी पार्टी के तालमेल के बारे में चेतावनी दी थी। अब इसकी पुष्टि सिख्स फॉर जस्टिस के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कर दी है।
कहा- हालात काबू न किए गए तो पछताना पड़ेगा
वडिंग ने लिखा है कि पन्नू ने कहा है कि उसने आप की आर्थिक रूप से मदद की है। इस ट्वीट पर लोग भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वड़िंग ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। वड़िंग ने कहा कि अभी हालात काबू नहीं किए गए तो बाद में पछताना पड़ेगा। पंजाब पुलिस को अभी से इस मामले की गंभीरता को देखना चाहिए।