SNE NETWORK.AMRITSAR/LUDHIANA/CHANDIGARH.

पंजाब में 2027 के चुनाव के लिए अकाली दल और BJP के संभावित गठबंधन का शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) ने विरोध किया है। पार्टी अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि अगर भाजपा अकाली दल बादल के साथ समझौता करती है, तो उनकी पार्टी भाजपा के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कांग्रेस और अकाली दल बादल को छोड़कर अन्य राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन की संभावना खुली रखी है।
उन्होंने कहा कि पहले भी BJP के साथ राज्य के हित से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई थी, लेकिन कोई पॉलिटिकल बातचीत नहीं हुई। हालांकि, पार्टी ने दूसरी पॉलिटिकल पार्टियों से बातचीत के लिए पांच मेंबर की कमेटी बनाई है, जिनके नाम जल्द ही अनाउंस किए जाएंगे।
ज्ञानी हरप्रीत ने कहा कि पार्टी पंजाब और पंथक मुद्दों पर लोगों के बीच जाएगी, जिसमें ड्रग, गैंगस्टरिज्म, युवाओं के लिए रोजगार, जेल में बंद सिखों की रिहाई समेत कई जरूरी मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने विधानसभा इलेक्शन में युवाओं और महिलाओं को 35-35 परसेंट सीटें देने का भी ऐलान किया।
उधर, BJP और अकाली दल के गठबंधन का ऐलान नवंबर के तीसरे हफ्ते में ही हो जाएगा। अकाली दल चाहता था कि इसकी घोषणा 8 दिसंबर को हो, क्योंकि उस दिन पूर्व CM स्व. प्रकाश सिंह बादल का जन्मदिन है। फिफ्टी-फिफ्टी वाला फॉर्मूला उस स्थिति के लिए प्रस्तावित था, जब यह माना जा रहा था कि अकाली दल से अलग हुए ‘पुनर सुरजीत’ धड़े के नेताओं को भाजपा अपने ही कोटे की सीटों से चुनावी टिकट देगा।
लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। पुनर सुरजीत अकाली दल के नेताओं की शिरोमणि अकाली दल में वापसी हो रही है। वापसी करने वाले ज्यादातर बड़े नेताओं को अकाली दल में एडजस्ट किया जा रहा है, इसीलिए 70 सीटों पर अकाली दल और 47 सीटों पर भाजपा वाले फार्मूले पर सहमति बनी है।
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर आधिकारिक तौर पर स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं का दावा है कि पंजाब में अकाली दल ही गठबंधन का मुख्य स्तंभ है, इसलिए मुख्यमंत्री चेहरा अकाली दल का ही होना चाहिए। वहीं, भाजपा नेतृत्व का मानना है कि चुनाव के दौरान सभी वर्गों का वोट हासिल करने के लिए बिना चेहरा मैदान में उतरना या नतीजों के बाद फैसला लेना राजनीतिक रूप से अधिक फायदेमंद हो सकता है। हालांकि सिखों को प्रतिनिधित्व देने के लिए भाजपा अकाली दल को सीएम फेस देने के लिए राजी हो सकती है।

प्रेम सिंह चंदूमाजरा अकाली दल में शामिल हो चुके हैं, जबकि बीबी जगीर कौर 13 नवंबर को शामिल होंगी। – फाइल फोटो
अकाली दल में ‘पुनर सुरजीत’ के नेताओं की घर वापसी हो रही है। प्रोफेसर प्रेम सिंह चंदूमाजरा शिअद में शामिल हो चुके हैं जबकि जगीर कौर 13 नवंबर को पार्टी में शामिल हो रही हैं। इसकी पुष्टि शिअद नेता व पूर्व मंत्री दलजीत सिंह चीमा भी कर चुके हैं। इस घर वापसी से गठबंधन के समीकरण न बिगड़ें, इसके लिए भाजपा अकाली दल को ज्यादा सीटें देने के फॉर्मूले को आधार बनाने पर सहमति दे रही है। वहीं पुनरसुरजीत के कुछ नेता ऐसे हैं जो कि अकाली दल में नहीं जाना चाहते हैं तो भाजपा उन्हें अपने कोटे में एडजस्ट करेगी।###USA###CANADA###UK###LUDHIANA###AMRITSAR###PUNJAB###CM-MANN###BJP###SAD###SUKHBIR###BADAL###CONGRESS###AAP###AUSTRALIA###NEWZEALAND###SINGAPORE###

