वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा.गुरदासपुर /चंडीगढ़।

पंजाब पुलिस एवं एटीएस (मुंबई) के सहयोग से जुलाई 2022 को मुम्बई के न्हावा शेवा पोर्ट से पकड़ी गई 363 करोड़ रुपए की हेरोइन मामले में बड़ी सफलता हासिल हुई। जिला गुरदासपुर ने 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। कथित तस्करों की गिरफ्तारी के उपरांत विदेश से हेरोइन मंगवाकर देश के विभिन्न राज्यों में तस्करी के बड़े रैकेट का भंडाफोड हुआ है।
पंजाब पुलिस निदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि कथित अपराधी पंजाब में बड़े पैमाने पर सीमा पार और अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल थे। पंजाब पुलिस के SSOC विंग ने जुलाई 2022 को इनपुट दी थी कि मुंबई के न्हावा शेवा पोर्ट पर खेप पहुंचाई गई है। इसके लिए ATS का सहयोग किया गया। दुबई से मुंबई पहुंचे एक कंटेनर को खोला गया तो उसमें से 72.5 किलो हेरोइन बरामद की गई थी। जिसकी इंटरनेशनल वैल्यू 363 करोड़ रुपए आंकी गई थी।
जनवरी 2022 को आया था कंटेनर
जांच में सामने आया कि यह कंटेनर जनवरी 2022 को दुबई से मुंबई पोर्ट पर पहुंचा था, लेकिन इसे कोई लेने ही नहीं पहुंचा, लेकिन इसकी सूचना SSOC विंग पंजाब को लग गई। दरअसल, पकड़े गए ये तीनों आरोपी अपने साथियों के साथ खेप को पोर्ट से निकालने के सही समय का इंतजार कर रहे थे। जिसके बाद इस खेप को देश के विभिन्न राज्यों तक सप्लाई किया जाना था।
गुरदासपुर कोर्ट में किया जाएगा पेश
पकड़े गए तीनों तस्करों को आज दोपहर कोर्ट में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इनके साथियों को भी पकड़ा जाएगा। इस सफलता के बाद पंजाब पुलिस को देश में हेरोइन की तस्करी करने वाले एक चेन को तोड़ने में सफलता मिली है।