SNE NETWORK.BATALA/PATHANKOT/BARNALA/MOGA/BATHINDA/CHANDIGARH.
पंजाब निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी का झाड़ू चल गया है। आठ निगम, 75 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों के लिए हुए 1977 वार्डों के चुनाव में आप ने स्पष्ट बहुमत लिया है। वहीं भाजपा ने अबोहर निगम में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पंजाब में स्थानीय निकाय चुनाव में अक्सर सत्तारूढ़ दल पर ही मतदाताओं का भरोसा कायम रहने की प्रथा इस बार भी कायम रही है। सूबे के सयाने मतदाताओं ने डबल इंजन की सरकार बनाकर अपने वार्डों के विकास को रफ्तार देने का काम कर दिया है। इस बार पंजाब में निकाय चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे। विरोधियों ने इस बार खेला होने का दावा किया। हालांकि मतपेटियां खुलने के बाद साफ हो गया कि जनादेश आप को मिला है।
अबोहर निगम चुनाव में BJP का ऐतिहासिक प्रदर्शन
अबोहर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 50 में से 28 सीटों पर जीत दर्ज कर नगर निगम बोर्ड में पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार होने के बावजूद भाजपा की यह जीत राजनीतिक तौर पर बेहद अहम मानी जा रही है।चुनाव में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और विधायक संदीप जाखड़ की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। परिणामों ने साफ कर दिया कि अबोहर क्षेत्र में जाखड़ परिवार का प्रभाव अब भी मजबूत बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों, व्यक्तिगत संपर्क और क्षेत्र में पकड़ को देखते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान किया। आम आदमी पार्टी (AAP) को 20 सीटों से संतोष करना पड़ा जबकि कांग्रेस सिर्फ एक सीट जीत सकी। एक सीट पर आजाद उम्मीदवार विजयी रहा। शिरोमणि अकाली दल खाता भी नहीं खोल सकी।
बरनाला-AAP ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया
बरनाला नगर निगम चुनाव के सभी 50 वार्डों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। परिणामों में आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। पार्टी ने कुल 50 में से 36 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने 7 सीटों पर जीत हासिल कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
कांग्रेस को केवल 2 सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि 5 वार्डों में आजाद उम्मीदवार विजयी रहे। इसके विपरीत शिरोमणि अकाली दल बादल कोई सीट नहीं जीत सका। बरनाला में AAP की इस जीत ने यह साफ संकेत दिया है कि शहरी क्षेत्रों में भी पार्टी की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है।
बटाला नगर निगम चुनाव में AAP का शानदार प्रदर्शन, 30 वार्डों में जीत दर्ज
बटाला नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 में से 30 वार्डों में जीत दर्ज कर निगम पर मजबूत पकड़ बना ली है। कांग्रेस 18 वार्डों में जीत हासिल कर दूसरे स्थान पर रही जबकि भाजपा ने दो सीटें जीतकर खाता खोला। शिरोमणि अकाली दल एक भी सीट नहीं जीत सका। नगर निगम चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह बेरिंग यूनियन क्रिश्चियन कॉलेज स्थित केंद्र में शुरू हुई। सुबह से ही मतगणना केंद्र के बाहर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ रही। मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच देखने को मिला।
पठानकोट—बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी
नगर निगम पठानकोट के चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी। भाजपा ने 23, कांग्रेस ने 18 और आप ने 9 वार्ड जीते।
तपा के वार्ड नंबर 8 में चुनाव परिणाम के बाद गंभीर हिंसा
नगर काउंसिल तपा के वार्ड नंबर 8 में चुनाव परिणाम के बाद गंभीर हिंसा हुई है। चुनाव हार चुके आजाद उम्मीदवार नाजम हुसैन राजू खान की पत्नी नाजिया पर स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ाने का आरोप है। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 8 से विजयी उम्मीदवार के समर्थकों पर आरोप है। उन्होंने चुनाव जीत के बाद इलाके में हंगामा किया। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने नाजिया को टक्कर मारी। गाड़ी उसे कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में भीड़ की ओर आई। हादसे में महिला के सिर, पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। उसका एक बाजू भी टूट गया।
कपूरथला चुनाव में कांग्रेस ने 31 सीटों पर जीत दर्ज की
नगर निगम कपूरथला चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 में से 31 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई। आम आदमी पार्टी को 10 सीटें मिलीं जबकि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने 3-3 सीटों पर जीत हासिल की। तीन वार्डों में आजाद उम्मीदवार विजयी रहे।
मोगा-AAP पार्टी ने 31 सीटों पर जीत हासिल कर स्पष्ट बढ़त बनाई
मोगा नगर निगम और कोट ई शेखा नगर पंचायत चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। चुनाव परिणामों में जनता ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया। मोगा नगर निगम के 50 वार्डों में आम आदमी पार्टी ने 31 सीटों पर जीत हासिल कर स्पष्ट बढ़त बनाई। कांग्रेस को 7 सीटें मिलीं जबकि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के खाते में 3-3 सीटें गईं। वहीं 6 वार्डों में आजाद उम्मीदवार विजयी रहे।
बठिंडा—-आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जीत
नगर निगम बठिंडा चुनाव में आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली है। पहली बार नगर निगम बठिंडा में आम आदमी पार्टी का पूरे बहुमत के साथ हाउस बनने जा रहा है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। शहर के विभिन्न वार्डों में सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
जैसे ही परिणाम घोषित हुए, समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जमकर आतिशबाजी की। युवाओं ने डीजे की धुन पर नाचते हुए जीत का जश्न मनाया, जबकि महिलाओं ने विजयी उम्मीदवारों का फूलमालाओं से स्वागत किया। कई स्थानों पर समर्थकों ने खुले वाहनों में रोड शो निकालकर जनता का आभार जताया।
मोहाली—-सबसे रोमांचक मुकाबला वार्ड नंबर-47 में रहा
मोहाली निगम चुनाव परिणामों में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिलने के बाद पार्टी समर्थकों में उत्साह है। वार्ड नंबर-10 में निर्दलीय उम्मीदवार परमजीत सिंह काहलों ने कांग्रेस उम्मीदवार कंवरबीर सिंह सिद्धू को 131 वोटों से हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। कंवरबीर सिंह सिद्धू पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के बेटे और पूर्व मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू के भतीजे है। सबसे रोमांचक मुकाबला वार्ड नंबर-47 में रहा, जहां आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार परमिंदर कौर ने केवल एक वोट के अंतर से जीत हासिल की। वार्ड नंबर-41 में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार गुरप्रीत कौर ने 35 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर भाजपा को अहम सफलता दिलाई।
नगर पंचायत की 246 सीटों के चुनाव में आप सबसे बड़ी पार्टी बनी,105 सीटों पर जीत दर्ज की
नगर पंचायत की 246 सीटों के चुनाव में आप सबसे बड़ी पार्टी बनी है। आप ने 105 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि शिअद ने 46 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसी तरह कांग्रेस 26 और आजाद उम्मीदवार 48 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रहे हैं। बसपा को सिर्फ एक सीट से संतोष करना पड़ा है जबकि नगर पंचायत में भाजपा कोई सीट नहीं जीत पाई।
नगर परिषद की 1331 सीटों में से आप 630 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही
इसी तरह नगर परिषद की 1331 सीटों में से आप 630 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही है। इसी तरह कांग्रेस ने 263, शिअद ने 100, भाजपा ने 97 सीटों पर जीत दर्ज की है। 177 सीटों पर आजाद उम्मीदवार भी जीते हैं, वहीं 59 सीटों पर नतीजे आना अभी बाकी हैं।###USA###UK###CANADA###ELECTION-RESULT-NEWS###SINGAPORE###CHINA###FRANCE###@

