वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब पुलिस के साइबर अपराध विभाग ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो कि विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग करके बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) को देखने, प्रसारित करने और वितरित करने में शामिल था। इसमें 54 संदिग्धों की पहचान भी हुई है। इस बात की पुष्टि, पंजाब पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने गुरुवार को की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फाजिल्का निवासी विजयपाल के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने मानक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उचित हैश वैल्यू दर्ज करके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त कर ली हैं।
एक तरह से यह घटनाक्रम हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए ऐतिहासिक फैसले के तुरंत बाद हुआ है, जिसमें कहा गया था कि बाल पोर्नोग्राफी देखना और डाउनलोड करना POCSO अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध है। सीएसएएम किसी भी ऐसी सामग्री को संदर्भित करता है जिसमें नाबालिगों को यौन तरीके से दिखाना या फिर उनका शोषण किया जाता है, उसे बाल शोषण का एक गंभीर रूप माना जाता है।
डीजीपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान विभिन्न संदिग्धों से 39 डिवाइस जब्त की हैं और उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच जारी है।

