एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) बहादुरगढ़ की विशेष टीम ने कुख्यात लारेंस बिश्नोई गिरोह के 5 कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों में मूसेवाला हत्याकांड में गिरफ्तार टीनू भिवानी का छोटा भाई एवं दक्षिण हरियाणा में विश्नोई गिरोह का ड्रग कारोबार संभालने वाले चिराग और देश का चर्चित कार चोर मनोज बक्करवाला भी शामिल है। इनके अलावा राजस्थान के बाड़मेर का रहने वाला कुख्यात बदमाश प्रकाश बाड़मेर, अमित निवासी पिंजौर और संजय सीट कवर वाला निवासी जीरकपुर शामिल हैं।
एसटीएफ के एसपी सुमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाश लॉरेंस विश्नोई गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं जो गिरोह के लिए हथियारों के अलावा लग्जरी गाड़ियों और दिल्ली, हरियाणा और पंजाब तक नशे की सप्लाई करते हैं। गिरोह के लिए अवैध वसूली भी करते हैं। बदमाशों को एसटीएफ बहादुरगढ़ इंचार्ज इंस्पेक्टर विवेक मलिक की टीम ने सोमवार एक सूचना पर बहादुरगढ़ बाईपास क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। ये बदमाश चोरी की इनोवा और स्कॉर्पियो से दिल्ली की ओर से हरियाणा में घुसे थे।
सभी बदमाश लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी गिरोह के लिए काम कर रहे थे
एसपी सुमित कुमार ने बताया कि पकड़े गए सभी बदमाश लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी गिरोह के लिए काम कर रहे थे। सभी से गहराई से पूछताछ की जा रही है ताकि इस गिरोह के बाकी बदमाशों को भी काबू किया जा सके। मनोज बक्करवाला और बाकी अपराधी विश्नोई गैंग के कुख्यात बदमाश टीनू भिवानी के जरिये लॉरेंस विश्नोई और संपत नेहरा के संपर्क में आए थे। उसके बाद से ये लोग इस गिरोह के लिए काम कर रहे थे।

