वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पराली जलाने के मामलों में हरियाणा, यूपी, राजस्थान व मध्य प्रदेश से पंजाब आगे चल रहा है। सीजन में एक दिन सबसे अधिक पराली जलाने का शर्मनाक रिकॉर्ड भी अभी तक प्रदेश के ही नाम है। बठिंडा व लुधियाना की हवा सबसे खराब स्तर पर चली गई है, जहां पर सांस लेना भी खतरनाक साबित हो रहा है। बठिंडा का एक्यूआई मंगलवार को अधिकतम 143 दर्ज किया गया, जबकि लुधियाना का 115 दर्ज किया गया है। इसी तरह मंडी गोबिंदगढ़ में एक्यूआई में भी बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई है।
…..उस दौरान रहता खरीफ सीजन
पंजाब में 15 सितंबर से 30 नवंबर तक खरीफ सीजन रहता है। अगर अब तक के रिकॉर्ड चेक करें तो 15 सितंबर से 7 अक्टूबर तक पराली जलाने के 214 मामले सामने आए हैं। इसी तरह दूसरे नंबर पर हरियाणा में 164 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं इस अवधि के दौरान उत्तर प्रदेश में 51, मध्य प्रदेश में 44 और राजस्थान में 16 मामले सामने आए हैं।
जानें, किस-किस दिन कितने मामले दर्ज हुए
1 अक्टूबर को पंजाब में सबसे अधिक पराली जलाने के 26 मामले सामने आए थे। इसी तरह हरियाणा में 5 अक्टूबर को 23, उत्तर प्रदेश में 6 अक्टूबर को 17, मध्य प्रदेश में 7 अक्टूबर को 17 और राजस्थान में इसी दिन 4 मामले सामने आए थे। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने पराली जलाने के मामलों पर नजर रखने के लिए उड़नदस्ते की टीमें भी लगाई हुई हैं, ताकि इसे रोकने के लिए राज्यों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए जा सकें।

