एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार बेअदबी और गोलीकांड मामले में इंसाफ नहीं देने के मामले में पूर्ण रूप से घिर चुकी है। बहबल कलां इंसाफ मोर्चा ने सरकार को और समय देने से इनकार कर दिया है। रविवार को राज्य के मंत्री हरजोत बैंस वहां पहुंचे थे। उन्होंने इंसाफ मोर्चा से 6 महीने का और वक्त मांगा था। मोर्चा ने इससे इनकार कर दिया। अब 31 जुलाई को सिखों को एकत्र होने को कहा गया है। उसके बाद सरकार के खिलाफ अगले एक्शन का ऐलान किया जाएगा। मोर्चे का कहना है कि सरकार बने 4 माह से अधिक समय बीत चुका हैं, जबकि अभी तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई।
अभी तक नहीं मिला इंसाफ
पंजाब में वर्ष 2015 में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाएं हुई। इसके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सिख प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाई गई। इन मामलों में अभी तक इंसाफ नहीं मिला है। तब से सुखराज सिंह की अगुवाई में इंसाफ मोर्चा चल रहा है।
सरकार समय दे रही
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी लेकिन इंसाफ मोर्चा को इन केसों में कोई कार्रवाई होती नजर नहीं आई। जिसके बाद इंसाफ मोर्चा ने बड़े संघर्ष की तैयारी कर ली। उन्होंने सड़क जाम करने की कोशिश की। जिसके बाद एजी ऑफिस की टीम वहां पहुंची और 3 माह का समय मांगा। वह समय खत्म होने के बाद एजी की टीम फिर पहुंची तो इंसाफ मोर्चा ने 15 दिन का वक्त दिया। जो कल 23 जुलाई को खत्म हो चुका है। आज फिर सरकार के प्रतिनिधि समय लेने पहुंचे थे।