एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
भाजपा में शामिल हुए 4 पूर्व मंत्रियों व नेताओं की सुरक्षा में बढ़ौतरी की गई है। इन सभी नेताओं को केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी पर X श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू समेत गुरप्रीत सिंह कांगड़, पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीप सिंह नकई और पूर्व विधायक अमरजीत सिंह टिक्का शामिल हैं।
आईबी द्वारा इन नेताओं पर हमला होने की आशंका की रिपोर्ट पर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा सुरक्षा बढ़ोतरी का फैसला किया गया। रिपोर्ट के अनुसार इन नेताओं पर किसी भी समय हमला होने की आशंका थी। इसी कारण एजेंसी की इन्हें सुरक्षा मुहैया कराने की सिफारिश पर केंद्र सरकार ने मंजूरी प्रदान की।
हार के बाद बदली पार्टी
गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनावों के समय इन नेताओं ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे। पंजाब में कांग्रेस की हार के बाद ये सभी नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।
गायक बब्बू मान की सुरक्षा में की बढ़ौतरी
बीते दिनों पंजाबी गायक बब्बू मान की जान पर भी खतरे की आशंका जताई गई थी। इसके बाद पंजाब पुलिस ने उनकी मोहाली स्थित कोठी पर सुरक्षा प्रबंध पुख्ता किए हैं। इनके अलावा पंजाब में कई हिंदू नेताओं की जान को खतरा होने के कारण पंजाब पुलिस द्वारा उनकी सुरक्षा बढ़ाने समेत उन्हें बुलेट प्रूफ जैकेट दी गई थी।

