एक्शन में सीएम भगवंत मान…..पुलिस को कोटकपूरा मामला जल्द सुलझाने के आदेश, राज्यभर में नाकाबंदी, जगह-जगह तैनाती पर जोर

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए बुलाई बैठक में पुलिस को कोटकपूरा मामला जल्द से जल्द सुलझाने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने डीजीपी और अन्य पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी भी हासिल की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को राज्यभर में नाकेबंदी करने और शहरों में पुलिस की जगह-जगह तैनाती पर जोर दिया और कहा कि लाइसेंसी हथियारों की समीक्षा भी करें, जिससे आपराधिक गतिविधियों में हथियारों के इस्तेमाल के बारे में पता लगाया जा सके।

कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने डीजीपी गौरव यादव को निर्देश दिया कि वह पुलिस फोर्स को आधुनिक प्रशिक्षण मुहैया कराएं ताकि पुलिस फोर्स को और अधिक मुस्तैद बनाया जा सके।

दुश्मन ताकतों का मुंहतोड़ जवाब देगी सरकार: मान
बैठक के बाद मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पुलिस द्वारा इस संवेदनशील मामले के प्रत्येक पहलू की जांच की जा रही है और इस मामले को जल्द ही कानूनी निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा। हत्यारों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मान ने कहा, मैं पंजाब वासियों को भरोसा दिलाता हूं कि हमारी सरकार हर हाल में अमन-शांति कायम रखेगी और दुश्मन ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देगी।


डीजीपी खुद खंगाल रहे हमलावरों के सुराग
घटनास्थल से टावर लोकेशन के माध्यम से पता किया जा रहा है कि कितने फोन चालू थे।
डीजीपी ने इस काम में साइबर सेल की टीमों की मदद ली है।
सोशल मीडिया पर इस घटना के पक्षकारों की तलाश भी शुरू कर दी है।
हमलावरों के आतंकवादियों और खालिस्तानियों से संबंधों की जांच भी हो रही है।
विदेश में छिपे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ द्वारा फेसबुक पर पोस्ट डालकर इस हत्या की जिम्मेदारी लेने के बाद डीजीपी ने इस मामले में इंटेलिजेंस विंग को भी सक्रिय कर दिया है।

100% LikesVS
0% Dislikes