एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी वीडियो वायरल केस में रातोंरात हॉस्टल के सारे वार्डन बदल दिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक 2 वार्डन को निलंबित भी किया गया है। वहीं, इस मामले में यूनिवर्सिटी की छात्रा के 2 साथियों सन्नी मेहता और रंकज वर्मा को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनसे आज पूछताछ होगी। पंजाब पुलिस सन्नी और रंकज को कल हिमाचल प्रदेश से लेकर आई है। छात्रा और शेष 2 आरोपियों को आज ही कोर्ट में भी पेश किया जाएगा।
अपडेट्स……
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए यूनिवर्सिटी एक हफ्ते के लिए बंद कर दी गई है। गेट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
स्टूडेंट्स को 19 से 24 सितंबर तक पढ़ाई बंद होने का नोटिस भेज दिया गया है।
यूनिवर्सिटी ने पूरे मामले की जांच के लिए 5 मेंबर्स की कमेटी बनाई है। जो इस पूरे मामले में बरती गई लापरवाही पर मैनेजमेंट को रिपोर्ट देगीपूरे मामले में अब तक क्या हुआ, 9 पॉइंट में समझें पूरा केस
शुक्रवार दोपहर 3 बजे 5 लड़कियों ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी हॉस्टल वार्डन से शिकायत की कि एक छात्रा ने उनकी वीडियो बनाई है।
आरोपी छात्रा से दूसरी छात्राओं और वार्डन ने पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि मैंने वीडियो बनाकर शिमला के सन्नी को भेजी हैं।
दिन भर यूनिवर्सिटी ने कार्रवाई नहीं की तो रविवार तड़के सुबह 3 बजे लड़कियों ने हंगामा कर दिया। यूनिवर्सिटी के बुलाने पर पुलिस रोकने आई तो लड़कियां उनसे भिड़ गईं। पुलिस की गाड़ियां तोड़ दी गईं। जिसके बदले पुलिस ने लाठीचार्ज किया। रविवार को जब हॉस्टल में लड़की से पूछताछ की गई तो उसने अपने मोबाइल पर लड़के की फोटो दिखाई थी। कहा था कि उसने प्रेशर डाला था।
इसी दौरान 8 लड़कियों ने खुदकुशी की कोशिश की। छात्राओं ने भी यह दावा किया। हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रबंधन और पुलिस ने इस बात को अफवाह करार दिया।
सुबह पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने दावा किया कि किसी दूसरी लड़की की वीडियो वायरल नहीं हुई। लड़की ने सिर्फ अपनी फोटो लड़के को भेजी।
इस मामले में लड़की के खिलाफ IT एक्ट और दूसरों की प्राइवेसी भंग करने का आरोप लगा केस दर्ज कर लड़की को गिरफ्तार कर लिया गया।
हिमाचल पुलिस की मदद से पंजाब पुलिस ने सन्नी मेहता को रोहड़ू और रंकज वर्मा को शिमला के ढली से 2 लड़कों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें पंजाब लाया जा चुका है।
पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रबंधन की बातों और कार्रवाई से असंतुष्ट छात्र-छात्राओं ने रविवार शाम को फिर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन शुरू कर दिया।
रात 1.30 बजे यूनिवर्सिटी प्रबंधन और प्रशासन ने छात्राओं की सभी मांगे मानने का आश्वासन दिया। जिसके बाद धरना खत्म हो गया।