एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़ा।

पंजाब के फरीदकोट में डेरा प्रेमी प्रदीप की गोलियां मार कर उसकी हत्या करने के मामले में फरार चल रहे गैंगस्टर रमजान खान उर्फ राज हुड्डा को पुलिस की AGTF ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) उसका पीछा करते हुए जयपुर पहुंची थी। गैंगस्टर वहां पर एक रामनगरिया थाना क्षेत्र की विनायक एनक्लेव में किराए पर कमरा लेकर छुपा हुआ था।
पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान गोली राज हुड्डा के पांव में लगी। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से उसे पकड़ लिया। इसके बाद अब पुलिस उसे एक स्थानीय अस्पताल में लेकर गई है। मुठभेड़ के बाद रमजान खान उर्फ राज हुड्डा के पकड़े जाने की पुष्टि पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने की।
केंद्रीय एजेंसियों और राजस्थान पुलिस के साथ ऑपरेशन
उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का केंद्रीय एजेंसियों और राजस्थान पुलिस के साथ ऑपरेशन सफल रहा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि डेरा प्रेमी की हत्या में शामिल रमजान खान उर्फ राज हुड्डा राजस्थान के जयपुर में एक मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया है।
रेड कॉर्नर नोटिस
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि राज हुड्डा के दो साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के हनुमानगढ़ से राज हुड्डा के दो साथियों हैप्पी मेहला और साहिल मेहला को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों से चीन में बनी स्टार .30 कैलिबर और स्टार .32 कैलिबर पिस्टल भी बरामद किए हैं।
उन्होंने कहा कि पकड़े गए दोनों अपराधियों से भी पूछताछ की जा रही है कि उनके राज हुड्डा के साथ क्या संबंध हैं और डेरा प्रेमी की हत्या में उनकी क्या शमूलियत थी। डीजीपी ने कहा कि इस टार्गेटेड हत्याकांड का मुख्य सूत्रधार कनाडा में बैठा गोल्डी बराड़ है। उन्होंने कहा कि उसे पंजाब में लाने के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया गया है और उसे जल्द ही पंजाब में लाया जाएगा।
3 गैंगस्टरों से मिले इनपुट पर की कार्रवाई
पुलिस पिछले दिनों ड्रेरा प्रेमी के कत्ल में तीन लोगों जिनमें मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मनी, भूपिंदर सिंह उर्फ गोल्डी और इनके लिए सारे प्रबंध करने वाले बलजीत सिंह उर्फ मन्ना को पकड़ा था इनके इनपुट ही पुलिस ने कार्रवाई की। डीजीपी ने कहा कि पकड़े गए तीनों आरोपियों की निशानदेही पर ही एक कार, एक स्कूटी और दो पिस्तौल बरामद किए गए हैं।
छात्र बनकर लिया था कमरा किराए पर
फरीदकोट में डेरा प्रेमी की हत्या करने वाला हरियाणा का गैंगस्टर रमजान खान उर्फ राज हुड्डा भागकर कर राजस्थान के जयपुर में पहुंच गया था। जयपुर में उसने रामनगरिया थाना क्षेत्र विनायक एनक्लेव में रह रहा था। उसने किराए पर कमरा ले रखा था। राज हुड्डा ने कमरा वहां पर अपने आप को एक वहीं के किसी शिक्षण संस्थान का छात्र बताकर किराए पर लिया था।
राज हुड्डा ने मकान मालिकों से कहा था कि वह छात्र हैं और यहां पर पढ़ने के लिए आया है। इस पर मकान मालिकों ने उसे कमरा किराए पर दे दिया था। लेकिन राजस्थान के पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि पंजाब से वारदात करके जयपुर में छुपे व्यक्ति को बिना किसी वेरिफिकेशन के कमरा कैसे दे दिया, इसका कोई गैंगस्टरों से लिंक तो नहीं है इस की जांच की जा रही है। एडिशनल डीसीपी क्राइम सुलेश चौधरी ने बताया कि पंजाब का गैंगस्टर राज हुड्डा पिछले कुछ दिनों से जयपुर में छिपा था।
दुकान खोलते वक्त बरसाई थी गोलियां
बता दें कि डेरा प्रेमी प्रदीप को छह शूटरों ने उस समय गोलियां मार कर मार डाला था जब वह सुबह अपनी दूध की डेयरी को खोलने जा रहे थे। शूटर पहले से ही घात लगाकर बैठे हुए थे। प्रदीप के दुकान पर आते ही शूटरों ने सरेआम उन पर गोलियां बरसा डाली और उन्हें छलनी कर डाला। प्रदीप को मारने के लिए छह शूटरों की टीम आई थी, जिनमें से पांच को पुलिस ने पहले ही पकड़ लिया था, जबकि छठा राज हुड्डा को आज पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

