कहा—जांच चल रही है अप्रैल में होगा पूरा पर्दाफाश…किसी को नहीं बख्शा जाएगा
नितिन धवन.चंडीगढ़।
कांग्रेस कार्यकाल दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा वर्तमान में विधानसभा हलका फतेहगढ़ चूड़ियां से विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा की अब मुश्किलें बढ़ने वाली है। क्योंकि, पंजाब के आम आदमी पार्टी के ग्रामीण विकास मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने बाजवा पर आरोप लगाए कि सत्ता में रहते हुए ग्रामीण विकास फंड का सरेआम दुरुपयोग किया गया। इसमें पूर्व मंत्री के कई कारिंदे भी शामिल है। फिलहाल, इस मामले को लेकर उच्च स्तरीय जांच-पड़ताल जारी है। अप्रैल के पहले हफ्ते में इस केस से जुड़े हर प्रमाण के साथ मीडिया के समक्ष उजागर की जाएगी। किसी को बिल्कुल नहीं बख्शा जाएगा। कार्रवाई कानून के मुताबिक होगी। पैसा जनता का है तो इसे जनता की भलाई में ही इस्तेमाल किया जाएगा। फिलहाल, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा की इस पूरे प्रकरण को लेकर अभी तक किसी प्रकार से बयान सामने नहीं आया।
मंगलवार, पंजाब के ग्रामीण तथा विकास मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने साफ तौर पर आरोप लगाते कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल दौरान सरकारी ग्रामीण विकास फंड में कई प्रकार की गड़बड़ी हुई। इस मामले को आम आदमी पार्टी काफी नजदीकी से देख रही है। क्योंकि मामला काफी गंभीर है। पता चला है कि पैसा ग्रामीण क्षेत्र में मंत्री के कारिंदों ने गलत इस्तेमाल किया। एक-एक के नाम आ चुके है। कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच-पड़ताल तह तक चल रही है। थोड़े दिन के भीतर जांच-पड़ताल संपन्न हो जाएगी। पूरी रिपोर्ट फाइनल होने के उपरांत इसे मीडिया के समक्ष उजागर किया जाएगा। कानूनी रूप से कड़ी कार्रवाई भी होगी। इस केस में शामिल किसी को नहीं बख्शा जाएगा। जनता का पैसा है, इसलिए जनता की भलाई के लिए इस्तेमाल होना चाहिए।
सूत्रों से इस बात का प्रमाण मिला है कि पूर्व मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने अपने विधानसभा क्षेत्र का फंड बटाला के विकास में भी इस्तेमाल किया गया। क्योंकि, वह विधानसभा हलका बटाला से भी कांग्रेस हाईकमान समक्ष टिकट मांग रहे थे। जबकि, अंत में टिकट अश्विनी सेखड़ी को दी गई। ऐसे में अगर तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के खिलाफ आरोप सही साबित होते है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होना भी तय है। क्योंकि, पार्टी के संयोजक तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बात साफ कर चुके है कि प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना उनकी सरकार का स्वप्न है। अगर किसी प्रकार से भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है तो कानून कार्रवाई होना संभव है।