नेता डोनाल्ड ट्रंप पर गोलीबारी……हमला करने वाले एक शूटर को सीक्रेट सर्विस ने मार गिराया

SNE NETWORK.CHANDIGARH.

अमेरिका में इस साल के अंत में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक खेमे के नेता प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस बीच, रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप पर गोलीबारी की गई है। इस हमले में गोली ट्रंप के कान को छूकर निकल गई। फिलहाल ट्रंप सुरक्षित हैं। हमला करने वाले एक शूटर को सीक्रेट सर्विस ने मार गिराया। रैली में मौजूद एक अन्य शख्स की मौत भी हुई है। इस बीच, जो बाइडन ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की है। भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना की निंदा की है।

 
लाइव अपडेट


मेलानिया ट्रंप ने जारी किया बयान
डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले के बाद उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने एक बयान जारी किया है। इस बयान में मेलानिया ने कहा कि ‘जब मैंने अपने पति पर हमला होते हुए देखा तो मुझे अपना और अपने बेटे का जीवन के लिए डर लगा, लेकिन मैं सीक्रेट सर्विस के बहादुर एजेंट्स को धन्यवाद देती हूं कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बगैर मेरे पति को बचाया। बदलाव की हवा पहुंच गई है।’ मेलानिया ने हमले में मारे गए और घायल हुए मासूम लोगों के परिजनों के प्रति भी संवेदना जाहिर की। साथ ही ट्रंप के समर्थकों को भी धन्यवाद दिया।


हमले से चुनाव में ट्रंप को मिल सकता है फायदा


विदेश मामलों के विशेषज्ञ रोबिंदर सचदेव ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि ट्रंप की नीतियों से नाराज होकर ही किसी ने इस हमले को अंजाम दिया हो। रोबिंदर सचदेव ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि अमेरिका ट्रंप की पहचान एक बांटने वाले नेता की है। उन्होंने ये भी कहा कि यकीनन ट्रंप पर हमले का अमेरिकी चुनाव पर बड़ा असर होगा। इससे ट्रंप के लिए सहानुभूति पैदा होगी और इससे ट्रंप की छवि भी एक मजबूत नेता के तौर पर मजबूत होगी।


‘हमले के बाद भी जोश में हैं ट्रंप’ सलाहकार का दावा


हमले के बाद अब डोनाल्ड ट्रंप पूरी तरह से ठीक और पूरे जोश में हैं। ट्रंप के प्रचार अभियान के एक वरिष्ठ सलाहकार ने यह जानकारी दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा ‘इस समय, यह पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है कि हम एकजुट रहें और अमेरिकी होने के नाते अपना सच्चा चरित्र दिखाएं, मजबूत और दृढ़ बने रहें और बुराई को जीतने न दें।’


क्या है एआर-15 राइफल


डोनाल्ड ट्रंप पर हमलावर ने जिस राइफल से गोली चलाई, वो एआर-15 राइफल है और यह बेहद खतरनाक राइफल मानी जाती है। इस राइफल की खासियत ये है कि इससे सटीक निशाना लगाना आसान है और यही वजह है कि शूटिंग प्रतिस्पर्धाओं में खिलाड़ी इस राइफल का इस्तेमाल करते हैं। इस राइफल से निकली की गोली की गति इतनी तेज होती है कि वह एक सेकेंड में छह फुटबाल के मैदानों के बराबर दूरी को पार कर सकती है। यही वजह है कि अगर यह निशाने को भेदती है तो इसकी मार बेहद खतरनाक होती है और अगर शरीर के किसी अहम अंग में लग जाए तो तुरंत ही व्यक्ति की मौत हो सकती है।


ट्रंप पर हमले को लेकर अमेरिकी मीडिया की प्रतिक्रिया


डोनाल्ड ट्रंप पर हमले को लेकर दुनियाभर से प्रतिक्रिया सामने आ रही है। अमेरिकी मीडिया ने ट्रंप पर हमले की घटना को डरावना करार दिया है और कहा कि जब ट्रंप पर हमला हुआ, वह डरावने पल थे। साथ ही कहा गया है कि अमेरिका में लोकतंत्र के लिए राजनीतिक हिंसा एक बड़ा खतरा है।

‘दुनियाभर में दक्षिणपंथी नेताओं को निशाना बना रहा कट्टरपंथी वामपंथ’


अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले की घटना पर असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि दुनियाभर में दक्षिणपंथी नेताओं को कट्टरपंथी वामपंथी द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। ट्रंप पर हमले को भी उन्होंने इसी बात से जोड़ा। सरमा ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘शारीरिक रूप से हो या फिर किसी अन्य तरीके से दक्षिणपंथी नेताओं को पूरी दुनिया में कट्टरपंथी वामपंथ द्वारा सक्रिय तौर पर निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि ये हमले राष्ट्र पहले की विचारधारा को हरा नहीं सकेंगे।’ असम सीएम ने डोनाल्ड ट्रंप के शीघ्र ठीक होने की कामना भी की। 

100% LikesVS
0% Dislikes