एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
आईपीएस कुलदीप सिंह चहल को हटाने के बाद पंजाब में सियासत गरमा गई है। वह चंडीगढ़ के एसएसपी के पद पर तैनात थे। इस मामले को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को एक पत्र लिखा था। राज्यपाल ने अब भगवंत मान के पत्र का जवाब बुधवार को दिया है। उन्होंने लिखा कि खराब व्यवहार के कारण ही कुलदीप सिंह चहल को चंडीगढ़ के एसएसपी पद से हटाया गया है।
गुजरात चुनाव में व्यस्त होने की वजह से संपर्क नहीं हुआ
उन्होंने (राज्यपाल) आगे लिखा कि चहल के बारे में 28 नवंबर को उन्होंने टेलीफोन पर मुख्य सचिव को जानकारी दी थी और एसएसपी के पद के लिए अफसरों का पैनल भेजने को कहा था। उन्होंने आगे लिखा कि 30 नवंबर को मुख्य सचिव ने उनसे मुलाकात की। इसमें चहल को पंजाब वापस भेजने की जानकारी दे दी गई थी। राज्यपाल ने आगे लिखा कि चूंकि आप (मुख्यमंत्री) गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार में व्यस्त थे इसलिए आपसे संपर्क नहीं हो सका।
एआईजी आशीष कपूर मामले में दखल दें मुख्यमंत्री: गवर्नर
उधर, एआईजी आशीष कपूर का मामला प्रदेश के राज्यपाल तक पहुंच गया है। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने बुधवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर कहा है कि मुख्यमंत्री खुद दखल देकर इस मामले को हल कराएं। आशीष कपूर पर एक महिला ने दुराचार और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया था। इस बारे में मीडिया में छपी खबर और तत्कालीन आईजी कुंवर विजय प्रताप सिंह की जांच का हवाला देते राज्यपाल ने इस मामले में प्राप्त हुई शिकायत पर संज्ञान लिया है।

