पत्रकार आत्महत्या मामला……पूर्व विधायक सहित आधा दर्जन के खिलाफ मामला दर्ज…कथित अपराधी घर से फरार, पुलिस की छापेमारी जारी

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़। 

कांग्रेस के पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज और उनके बेटे निर्भय सिंह मिल्टी कंबोज समेत करीब छह लोगों से तंग आकर राजपुरा के पत्रकार रमेश शर्मा ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। इतना ही नहीं रमेश शर्मा कितने दुखी थे उसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मरने से पहले आरोपियों के खिलाफ वीडियो जारी कर गंभीर आरोप लगाया और सुसाइड नोट लिखकर छोड़ा।


पुलिस का कहना कि रमेश शर्मा को आत्महत्या को मजबूर करने के आरोप में कांग्रेस के पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज और उनके बेटे निर्भय सिंह मिल्टी समेत करीब छह आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी।


जानकारी के अनुसार महिंद्रगंज रोड निवासी पत्रकार रमेश कुमार शर्मा का सुबह एक वीडियो वायरल होने से शहर में हड़कंप मच गया। एक मिनट 44 सेकंड के वीडियो में आरोप लगाया गया कि पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज ने करीब 40 महीने पहले उसकी दुकान पर अवैध कब्जा कर बेरोजगार कर दिया था जबकि पूर्व विधायक के बेटे निर्भय सिंह मिल्टी के कहने पर 30 हजार रुपये महीना न देने पर उसका ढाबा तक बंद करवा कर दिया।


वीडियो में बताया कि उसने संजीव गर्ग से सवा पांच लाख रुपये लेने हैं। बता दें कि संजीव गर्ग की दुकान रमेश ने किराये पर ले रखी थी। पूर्व विधायक कंबोज ने मालिक संजीव गर्ग पर दबाव बनाकर दुकान खाली करवा ली और करीब सवा पांच लाख का दुकान में रखा सामान उठा लिया। वहीं वीडियो में कहा कि अवतार सिंह नकली फ्रीडम फाइटर बना है।


लवकेश कपूर उसका भाई भूपिंदर कपूर तंग करते हैं। आरोप है कि सभी लोगों की शिकायत की थी लेकिन आरोपी मिलीभगत कर कई तरह के केस डालकर उन्हें और परिवार को परेशान कर रहे हैं। आरोपियों ने उन्हें मरने के लिए मजबूर कर दिया है। इसलिए दुखी होकर वह मरने जा रहे हैं। परिवार, रिश्तेदारों के अलावा पत्रकार भाईचारे से निवेदन किया कि मेरा अंतिम संस्कार तब तक न करें जब तक आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज न हो जाए।


बड़े दुखी मन से कहा कि वह सुसाइड नोट भी लिखकर जा रहे हैं। रमेश शर्मा का वीडियो वायरल होने के बाद परिवार व शहर में हड़कंप मच गया। इसके बाद परिवार वालों ने रमेश कुमार शर्मा को तलाशने का प्रयास भी किया लेकिन तब तक शिवाजी पार्क में रमेश शर्मा जहरीला पदार्थ निगल चुके थे और उनकी मौत हो चुकी थी। मामले की जानकारी मिलने पर सिटी थाना के एसएचओ राकेश कुमार शर्मा पुलिस टीम समेत घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार को सौंप दिया। 


क्या कहते हैं एसएचओ
इस संबंध में संपर्क करने पर सिटी थाना के एसएचओ राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका की पत्नी अनीता शर्मा की शिकायत पर पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज, उसके बेटे निर्भय सिंह मिल्टी कंबोज, संजीव गर्ग, भूपेंद्र कपूर, लवकेश कपूर, अवतार सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी आरोपी फरार हैं।

100% LikesVS
0% Dislikes