एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाब के समराला में भयानक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें तुरंत समराला के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे में मरने वालों में चरणजीत कौर (44) सर्वजीत सिंह (40) व रमनदीप कौर (38) शामिल हैं। उनकी बेटी प्रीति गंभीर रूप से घायल है। गंभीर हालत में उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार समराला थाने के एसएचओ भूपिंदर सिंह ने बताया कि उक्त परिवार माछीवाड़ा का रहना वाला है। इन लोगों को हादसे के कुछ घंटे पहले उनकी बेटी प्रीति का फोन आया कि उसके ससुराल वाले उसे तंग कर रहे हैं। इसके बाद प्रीति की मां चरणजीत कौर, चाची रमनदीप कौर व चाचा सर्वजीत सिंह माछीवाड़ा से उसे लेने रात को ही समराला के गांव सियाल पहुंचे।
वापस मछीवाड़ा आते वक्त उनकी गाड़ी को चंडीगढ़ रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी टक्कर मार दी। प्रीति की मां चरणजीत कौर, प्रीति के चाचा सर्वजीत सिंह और प्रीति की चाची रमनदीप कौर की मौके पर ही मौत गई। प्रीति की हालत ज्यादा नाजुक होने के कारण चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। एसएचओ ने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिए हैं।

