गैंगवार पहुंची हिमाचल-प्रदेश—–अदालत परिसर में लॉरेंस गैंग ने दिनदहाड़े पेशी पर लाए बंबीहा गैंग के शूटर अजय उर्फ सन्नी उर्फ लेफ्टी पर चलाई तबाड़तोड़ गोलियां

सांकेतिक तस्वीर

शूटर सन्नी ने कोर्टरूम के अंदर भागकर जान बचाई…शहर में दहशत का माहौल

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

हिमाचल में सोलन के नालागढ़ कोर्ट परिसर में शुक्रवार को लॉरेंस गैंग ने दिनदहाड़े पेशी पर लाए बंबीहा गैंग के शूटर अजय उर्फ सन्नी उर्फ लेफ्टी पर फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही शूटर सन्नी ने कोर्टरूम के अंदर भागकर जान बचाई। सन्नी हरियाणा में कुरुक्षेत्र का रहने वाला है। सन्नी पंजाब में यूथ अकाली नेता और गैंगस्टर लॉरेंस के कॉलेज फ्रैंड विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या में शामिल होने का आरोप है। यह पूरा मामला गैंगवार से जुड़ा है।


मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल का बदला लेने के लिए लॉरेंस गैंग ने 3 महीने पहले मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी थी। इसके बाद से बंबीहा गैंग और लॉरेंस गैंग आमने-सामने है। 2 दिन पहले ही फिलीपींस में लॉरेंस गैंग ने बंबीहा गैंग के मनदीप मनाली की भी हत्या कर दी थी।


अदालत परिसर की सीढ़ियां चढ़ते समय फायरिंग
सन्नी को शुक्रवार को नालागढ़ कोर्ट में पेशी पर लाया गया। जब पुलिसवाले सन्नी को लेकर नालागढ़ कोर्ट परिसर की सीढ़ियां चढ़ रहे थे, उसी समय उस पर चार-पांच हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। यह हमलावर हरियाणा नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार थे। फायरिंग में एक गोली सन्नी की कनपटी के नजदीक से गुजरी।


गोलियां चलते ही अफरा-तफरी मची
गोलियां चलते ही सन्नी भागकर कोर्ट रूम में घुस गया। इस हमले में हिमाचल पुलिस के जवान भी बाल-बाल बचे। सरेआम फायरिंग होती देखकर नालागढ़ कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। उधर फायरिंग के बीच सन्नी के भागकर कोर्ट रूम में घुस जाने के बाद हमलावर भी अपनी मोटरसाइकिल पर वहां से फरार हो गए। कुछ दूर जाकर नालागढ़ पुलिस स्टेशन के पास उन्होंने अपनी बाइक सड़क पर ही छोड़ दी। यहां से आगे वह किस तरह निकले? पुलिस इसकी जांच कर रही है।


पूरा क्षेत्र सील
इस घटना के बाद नालागढ़ पुलिस ने पूरे एरिया को सील कर दिया। हमलावरों की धरपकड़ के लिए कई टीमों को लगाया गया। पुलिस नालागढ़ कोर्ट परिसर और सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) के एसपी मोहित चावला मौके पर पहुंच गए। चावला ने बताया कि पुलिस टीम की मुस्तैदी से किसी की जान नही गई। पुलिस हमलावरों को पकड़ने में जुट गई है।


एक साल पहले भी हुई गैंगवार
नालागढ़ में तकरीबन एक साल पहले गैंगवार हुई थी। सन्नी उसी गैंगवार का आरोपी है। सोमवार को उसे नाहन जेल से पेशी पर नालागढ़ कोर्ट लाया गया था। हिमाचल पुलिस ने अपनी तरफ से सन्नी की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए थे। इसके बावजूद कोर्ट परिसर के सामने सरेआम उसे मारने की कोशिश की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सन्नी पर फायरिंग करने वाले लॉरेंस गैंग से हो सकते हैं।

100% LikesVS
0% Dislikes