बड़ी खबर….टेरर फंडिंग में पीयू का छात्र गिरफ्तार…डेरा प्रेमी हत्याकांड में आरोपी के खाता में किए थे पैसे ट्रांसफर, गैंगस्टर गोलड़ी बराड का करीबी

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़। 

पंजाब यूनिवर्सिटी के एक छात्र को टेरर फंडिंग के आरोप में पंजाब पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भवानीगढ़ (संगरूर), निवासी हर्षवीर सिंह बाजवा के रूप में हुई है। वह पीयू में एमए का छात्र है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि हर्षवीर ने कोटकपूरा डेरा प्रेमी की हत्या के मामले में पकड़े गए गैंगस्टर मनप्रीत उर्फ मनी के खाते में गोल्डी बराड़ के कहने पर 20 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे।
चार नवंबर को हुई डेरा प्रेमी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो दिन पहले ही मनप्रीत को गिरफ्तार किया था। मनप्रीत से पूछताछ में खुलासा हुआ कि हर्षवीर ने उसके खाते में पैसे डाले थे। हर्षवीर के खाते में विदेश से पैसों की फंडिंग की जा रही थी।


3 दिन की रिमांड पर भेजा गया
स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) हर्षवीर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर मोहाली ले गई और शुक्रवार देर रात अदालत में पेश किया। जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, हर्षवीर विदेश में बैठे लखबीर सिंह लंडा और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य गोल्डी बराड़ का साथी है। जांच में पता चला कि विदेश में बैठे आईएसआई के गुर्गे हर्षवीर के बैंक खाते में लगातार रुपये भेज रहे थे। यह भी पता चला है कि दुबई, अमेरिका, मलेशिया आदि देशों में रह रहे पंजाब मूल के कुछ लोग आईएसआई को फंडिंग कर रहे हैं।


बैंक खातों की जांच करेगी एसएसओसी
एसएसओसी हर्षवीर के बैंक खातों की जांच कर पता लगाएंगी कि अब तक कितने पैसे उसके खाते में आए हैं और उनका इस्तेमाल उसने कहां-कहां किया है। वह गोल्डी बराड़ और लखबीर लंडा के संपर्क में था। लखबीर लंडा सेक्टर 77 स्थित पंजाब खुफिया विभाग के दफ्तर पर आरपीजी हमले का मुख्य आरोपी है। वहीं गोल्डी बराड़ पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्याकांड में शामिल है।


सोई का कार्यकर्ता है हर्षवीर, छात्रसंघ चुनाव में रहा था सक्रिय
टेरर फंडिंग में गिरफ्तार पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) का छात्र हर्षवीर सिंह बाजवा बीते छात्रसंघ चुनाव में काफी सक्रिय रहा था। चुनाव प्रचार में भी वह लगातार नजर आया। स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (सोई) का सक्रिय कार्यकर्ता है और पिछले पांच वर्ष से पंजाब यूनिवर्सिटी में सोई के लिए काम कर रहा था। हर्षवीर पीयू में गांधीयन स्टडी में एमए के तीसरे सेमेस्टर का छात्र है।

100% LikesVS
0% Dislikes