वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा.नितिन धवन.चंडीगढ़।

डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) लुधियाना जोनल यूनिट द्वारा 3 अलग-अलग ऑपरेशन किए। डीआरआई लुधियाना के एडिशनल डायरेक्टर जनरल नितिन सैनी के दिशा-निर्देशों पर बड़ी कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई में कई अधिकारी भी शामिल रहे।
पहली कार्रवाई चंडीगढ़ रीजनल यूनिट के अधिकारियों ने 9 जून को चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा मोहाली में लुधियाना निवासी दो यात्रियों को रोका। दोनों दुबई के लिए फ्लाइट में सवार होने वाले थे। दोनों के बैग की सर्च करने पर 1.31 लाख अमरीकी डालर की वसूली हुई, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 1.01 करोड़ के बराबर है। दोनों यात्रियों को कस्टम अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय द्वारा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आगे की जांच-पड़ताल जारी है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में डीआरआई लुधियाना द्वारा जुटाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई, जिसमें अधिकारियों ने उड़ीसा से आ रहे एक ट्रक को 5 बजे साहनेवाल (लुधियाना के बाहरी इलाके) में रोका। ट्रक की विस्तृत जांच करने पर रसायन युक्त ड्रमों के नीचे छुपाए गए 240 गांजा पैकेट, जिसका कुल वजन 247.259 किलोग्राम की बरामदगी हुई, जिसकी बाजारी कीमत लगभग 40 लाख आंकी जा रही है। एनडीपीएस. अधिनियम, 1985 के तहत ट्रक सहित गांजा के 240 पैकेट जब्त किए गए हैं। एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

चंडीगढ़ एयरपोर्ट से सोना बरामद
इसके साथ एक अन्य कार्रवाई में डीआरआई अधिकारियों ने एक व्यक्ति को चंडीगढ़ हवाई अड्डा पर रोका, जो दुबई से चलने वाली उड़ान से चंडीगढ़ में उतरा था। उसके बैग की तलाशी लेने पर महिलाओं के कपड़ों के 4 टुकड़े बरामद हुए, जिसमें सोने का पेस्ट कपड़े की परतों में छिपाया हुआ था। संदिग्ध कपड़ों का कुल वजन 1.81 किलोग्राम था और कपड़ों से सोने को निकालने पर 832.23 ग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख बताई जा रही है।