एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
कोटकपूरा में डेरा अनुयायी की हत्या मामले में 6 आरोपियों में से 3 को पकड़ लिया गया है। तीनों आरोपियों को दिल्ली स्पेशल सेल ने पटियाला के गांव बख्शीवाला से दबोचा। स्पेशल सेल ने 6 आरोपियों की शिनाख्त कर ली थी। इनमें 2 नौजवान पंजाब के है, जबकि 4 हरियाणा के बताए जा रहे हैं।
वहीं डेरा प्रेमी प्रदीप कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने फरीदकोट शहर में संदिग्ध नौजवानों के घरों पर दबिश दी। सादिक रोड पर रहने वाले भूपेंद्र सिंह गोल्डी और मनप्रीत सिंह मनी के घर पर छापे मारे गए हैं। दोनों नौजवान पिछले 5 दिनों से गायब है और नशा करने के आदी हैं।
गोल्डी के परिवार का दावा, पुलिस बेवजह परेशान कर रही
गोल्डी के परिवार का दावा है कि वह चार-पांच दिन से घर में नहीं है। उनका लड़का मजदूरी करता है। पुलिस हमें बेवजह परेशान न करे। अगर उसने कुछ गलत काम किया है तो उसको उसकी सजा जरूर मिले। परिजनों ने बताया कि पुलिस उनके घर से मोबाइल वगैरह साथ लेकर चली गई है।
लड़के को पूर्व में कर रखा बेदखल
मनप्रीत सिंह उर्फ मनी की माता नसीब कौर ने कहा कि पुलिस हमारे घर में आई थी। हमने अपने लड़के को पहले से ही बेदखल कर रखा है क्योंकि वह नशा करने का आदी है। मनप्रीत के पिता हार्ट पेशेंट है। उन्होंने कहा कि उनका लड़का चार-पांच दिन से घर में नहीं आया। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और पुलिस को शूटर्स का लोकल कनेक्शन मिल चुका है। पंजाब पुलिस की खुफिया इकाई और दिल्ली पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस यूनिट ने इस मामले में जांच तेज कर दी है।
बैठक के उपरांत अंतिम संस्कार पर हो पाएगा फैसला
डेरा अनुयायी प्रदीप कुमार के शव को कोटकपूरा में डेरे के नाम चर्चा घर में रखा गया है। यहां पर डेरा श्रद्धालु एकत्रित हो रहे हैं। मृतक के परिवार व डेरा कमेटी की पुलिस प्रशासन के साथ बैठक होगी जिसके बाद अंतिम संस्कार के बारे में कोई फैसला हो पाएगा।

