वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता मनप्रीत बादल के खिलाफ पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने कार्रवाई तेज कर दी है। चंडीगढ़ के अलावा 6 राज्यों में शुक्रवार को विजिलेंस की टीमों ने एक साथ दबिश दी। इन राज्यों में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान शामिल है।
विजिलेंस अधिकारियों का मानना है कि मनप्रीत इन राज्यों में शरण ले सकते हैं, क्योंकि यहां उनके जानकार या करीब लोग रहते हैं। मनप्रीत बादल की गिरफ्तारी विजिलेंस के सामने किसी चुनौती से कम नहीं है। इस केस पर सीधे सीएम की नजर है। वहीं विजिलेंस अधिकारी हर अपडेट सीएमओ को साझा कर रहे हैं।
यह था पूरा प्रकरण
विजिलेंस ब्यूरो ने प्लॉट घोटाले में 24 सितंबर को बठिंडा में केस दर्ज किया था। 5 दिन उपरांत विजिलेंस अभी तक मनप्रीत बादल तक नहीं पहुंच पाई है। हालांकि, विजिलेंस ने मनप्रीत पर चारों तरफ से दबाव बनाना शुरू कर दिया है ताकि उन्हें गिरफ्तारी के लिए मजबूर होना पड़े।
वड़िंग बोले- मनप्रीत की छोड़ो, किसी और मुद्दे पर बात करो
एक तरफ जहां नशा तस्करी से जुड़े केस में फंसे कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा के साथ पूरी पार्टी खड़ी दिख रही है। वहीं मनप्रीत बादल के साथ स्थिति विपरीत है। भाजपा का कोई भी नेता उनके साथ नहीं दिख रहा है। वहीं जब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से उनके बारे में सवाल किया तो उनका कहना था कि मनप्रीत की छोड़ो, किसी और मुद्दे पर बात करो।