मूसेवाला को मिल रहे समर्थन से  गैंगस्टर गोल्डी बराड़ भड़का, कहा…जीते जी 95 फीसद लोग उसे गालियां निकालते थे

वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा. चंडीगढ़।

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला को कत्ल के बाद गैंगस्टर लॉरेंस और उसकी गैंग पर शिकंजा कसते देख कनाडा बैठा गैंगस्टर गोल्डी बराड़ भड़का हुआ है। वह मूसेवाला को मिल रहे समर्थन से भी गुस्से में है। गोल्डी ने एक न्यूज चैनल को भेजे वीडियो में कहा कि जीते जी 95 फीसद लोग उसे गालियां निकालते थे। मौत के बाद अचानक सब उसके समर्थन में आ गए।
गोल्डी ने यह भी कहा कि मूसेवाला ने जान बचाने के लिए 2 करोड़ का ऑफर दिया था। हमे भाई के खून का बदला लेना था, इसलिए उसे मार दिया। गोल्डी का यह वीडियो मूसेवाला को देश-विदेश से मिल रहे समर्थन के बाद उन्हें बदनाम करने या फिर सहानुभूति बटोरने के मकसद से जारी किया माना जा रहा है। खासकर गोल्डी ने इसमें पंथक कार्ड खेलने की भी कोशिश की है। एसएनई न्यूज़
इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।


मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल के बाद दिया था ऑफर
गोल्डी ने कहा कि विक्की मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल के बाद चुनाव के दौरान मूसेवाला ने 2 करोड़ का ऑफर दिया था। मुक्तसर के गांव भंगचिड़ी के कुछ लड़के थे, जो 24 घंटे मूसेवाला के साथ रहते थे। उनके जरिए ही यह ऑफर दिया गया। मुझे कहा गया कि रुपए लेने के बाद गुरुद्वारा साहिब जाकर कसम खा लो कि उसके बाद मूसेवाला को कोई नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। हमें भाई के खून का बदला लेना था, इसलिए कहकर उसे मारा।


कत्ल का कोई अफसोस नहीं
गोल्डी बराड़ ने कहा कि मेरा नाम मूसेवाला से जोड़ा गया। हम पहले भी इसकी जिम्मेदारी ले चुके हैं। हमें मूसेवाला के कत्ल का कोई अफसोस नहीं है। हमारे भाइयों का नुकसान हुआ था। 2 भाइयों के कत्ल में अप्रत्यक्ष तरीके से उसका हाथ था। उसने अपने गानों वाली इमेज को सही साबित करने के लिए यह सब किया। सिद्धू का 2 भाइयों के कत्ल में हाथ था। इसकी गलतियां भूलने लायक नहीं थी। हमने न्याय का बहुत इंतजार किया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हमारे पास कोई दूसरा ऑप्शन नहीं था। जो ऑप्शन था, वह हमने कर दिया।


मूसेवाला की सिख शहीदों से तुलना गलत
हमने हथियार उठाए और बदला ले लिया। मूसेवाला को जीते जी लोग गालियां देते थे। वीडियो बनाने का मकसद यह है कि हमें जितना मर्जी बुरा कहो, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। अच्छे लोगों का घर उजाड़ दिया जाता है। हम बुरे ही ठीक हैं। दुख इस बात का है कि मरने के बाद लोग सिद्धू मूसेवाला को सच्चा कह रहे हैं। उसके घर वालों का इमोशनल वीडियो आया, लोग उसके पक्ष में खड़े हो गए। पावरफुल लोगों के कसूर सामने नहीं आते। सिद्धू को सिख शहीद और कौमी योद्धा करार देना गलत है। मूसेवाला उसका हकदार नहीं है।


हम किसी को धमकी नहीं दे रहे
गोल्डी बराड़ ने कहा कि हमने किसी को धमकी भरी चिट्ठियां नहीं भेजी। हमने कोई फिरौती नहीं मांगी। लोग पुलिस को शिकायत करें। हम सिर्फ उसी से फिरौती मांगते हैं, जिसने लोगों को लूटा हो। उसके बैंक में करोड़ों रुपए हों।


लॉरेंस गद्दार नहीं, बहुत धार्मिक है
लॉरेंस को लोग गद्दार कह रहे हैं। उसके एनकाउंटर की बात कह रहे हैं। राजस्थान में पेशी पर लॉरेंस भिंडरावाला की टी-शर्ट पहनकर आता था। लॉरेंस बहुत धार्मिक है। हर रोज पाठ करता है। कभी जिंदगी में नशा नहीं किया। कई अफसरों ने टी-शर्ट पहनने से रोका, लेकिन लॉरेंस ने भिंडरावाला को आइडल बताया।  पानी तक नहीं मिलता था, लेकिन वह पीछे नहीं हटा।


जगदीश टाइटलर की भी रेकी की
स्कूल-कॉलेज में भी लॉरेंस के साथ रहा। कॉलेज टाइम में पर्चा दर्ज हुआ तो हम दिल्ली भाग गए। उन दिनों में हम जगदीश टाइटलर की रेकी करते रहे कि उसे मार देंगे। हमने कौम का दर्द समझा था।

100% LikesVS
0% Dislikes