मोहाली में आतंकी हमले का इनपुट…..पुलिस का अलर्ट जारी….थाना प्रभारियों को रात में रहने के निर्देश, डीआईजी ने ली बैठक

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

तरनतारन में आरपीजी हमले के उपरांत अब मोहाली पुलिस को भी आतंकी हमले का इनपुट मिला है। इनपुट मिलने के उपरांत जिला पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। स्थानीय सनेटा पुलिस चौकी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी थाना प्रभारियों को रात के समय थाने में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। सोमवार दोपहर को डीआईजी (रूपनगर) ने जिले के एसएसपी, एसपी, डीएसपी व थाना प्रभारियों के साथ बैठक भी की।

कब कैसे मिला इनपुट…जानिए, इस रिपोर्ट में
पुलिस को रविवार देर रात सोहाना थाने की पुलिस चौकी सनेटा पर आतंकी हमले का इनपुट मिला। हमले के इनपुट के बाद जिले की पुलिस हरकत में आ गई। सभी पुलिस थाने व चौकियों को अलर्ट कर दिया गया। सभी थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी को रात के समय ज्यादा से ज्यादा स्टाफ के साथ थाने में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया। पुलिस के आला अधिकारी चौकी की सुरक्षा का जायजा लेने रात को मौके पर पहुंचे। सुबह होते होते चौकी की सुरक्षा बढ़ा दी गई।


कानून व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश
डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था एवं नशीली दवा से संबंधित मामलों की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई गई थी। इस दौरान जिले के सरकारी भवनों की सुरक्षा, जनता की समय पर सुनवाई, आम जनता को भ्रष्टाचार मुक्त सेवा प्रदान करने के निर्देश सभी पुलिस अधिकारियों को दिया।


पुलिस अधिकारियों को बताया कि हर 15 दिन के बाद इस तरह की समीक्षा बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति रहता है या कोई संदिग्ध वाहन है या कोई मादक पदार्थ का कारोबार करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।


धमकी की पुष्टि नहीं, सुरक्षा की समीक्षा की बैठक: एसपी सिटी
एसपी सिटी आकाशदीप ओलक ने इस तरह की धमकी की खबर की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि इंटेलिजेंस की तरफ से सरकारी इमारतों पर आतंकी हमलों का पहले से ही इनपुट था। इसके बाद आला अधिकारियों ने सुरक्षा की समीक्षा करने के लिए यह बैठक की है।

100% LikesVS
0% Dislikes