रिंदा के करीबी संघेड़ा की इटली में मौत….सोशल मीडिया में पोस्ट से किया गया दावा

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

पाकिस्तान में पंजाब के मोस्ट वांटेड आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा की मौत के अगले दिन उसके करीबी हरप्रीत सिंह संघेड़ा की इटली में मौत का दावा किया गया है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट डाली गई हैं। हालांकि मौत का कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। इस बीच, कनाडा में छिपे गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा की तरफ से दावा किया गया कि उसने हरप्रीत की हत्या करवाई है। उसकी तरफ से डाली गई पोस्ट में लिखा है कि हरप्रीत रिंदा का करीबी था, लेकिन वह विपरीत चल रहा था, जिससे गैंग को नुकसान पहुंच रहा था। गैंगस्टर के इस दावे पर फिलहाल केंद्र व राज्य की सुरक्षा एजेंसियां चुप हैं।


संघेड़ा काफी शातिर था   
हरप्रीत सिंह संघेड़ा भी काफी शातिर था। वह भी भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल रहा है। साथ ही हवाला और अन्य तरीकों से वह आतंकियों की आर्थिक मदद भी करता था। उसकी कोशिश पंजाब का माहौल खराब करने की थी। सूत्रों की माने तो उसकी इटली में 18 से 20 अक्टूबर को विदेशों में रह रहे आतंकियों और गैंगस्टरों के साथ एक मीटिंग भी हुई थी। इसकी कुछ फोटो व अन्य दस्तावेज सुरक्षा एजेंसियों के हाथ लगे हैं। इसके बाद पंजाब पुलिस ने हरप्रीत समेत 11 लोगों पर केस भी दर्ज किया था।


24 आतंकी मॉड्यूल फेल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोरोना काल में ही ये सारे आतंकी व पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियां सक्रिय हुई थी, लेकिन गत जनवरी से लगातार एक के बाद एक पंजाब में वारदातों को अंजाम देने की कोशिश की गई। जनवरी से लेकर अभी तक करीब 24 आतंकी मॉड्यूल को भारतीय सुरक्षा एजेंसियां फेल कर चुकी हैं। इस दौरान पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय को भी निशाना बनाकर आरोपियों ने सुरक्षा एजेंसियों के मुलाजिमों का मनोबल तोड़ने की कोशिश की, लेकिन व उसमें कामयाब नहीं हो पाए।

100% LikesVS
0% Dislikes