राज्य ब्यूरो.एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल (बादल) ने ऐलान कर दिया है कि भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करेगी। भाजपा ने आदिवासी समाज से द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाया है। चंडीगढ़ में कोर कमेटी की मीटिंग के बाद अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि हम कांग्रेस के साथ नहीं जा सकते। कांग्रेस ने सिखों पर बहुत जुल्म किए हैं। इसके अलावा द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समुदाय से आती हैं। इसलिए वह उन्हें समर्थन दे रहे हैं। इस बारे में द्रौपदी मुर्मू का उन्हें फोन भी आया था। इससे पहले विगत दिवस भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी सुखबीर को फोन का मुर्मु का समर्थन करने को कहा था।
दरअसल,अकाली दल और भाजपा करीब 24 साल तक पंजाब में गठबंधन में रहे। पिछले साल केंद्र सरकार कृषि सुधार कानून लेकर आई। जिसके विरोध में पहले अकाली दल ने केंद्र में हरसिमरत बादल का मंत्री पद छोड़ा। इसके बाद सुखबीर बादल ने भाजपा से गठबंधन भी तोड़ लिया। पंजाब चुनाव के बाद उनके साथ आने की उम्मीद थी लेकिन दोनों की बुरी हार के बाद यह कवायद आगे नहीं बढ़ी।
हालांकि, भाजपा का साथ छोड़ने से अकाली दल को ज्यादा नुकसान हुआ है। पहले उनका केंद्र सरकार में प्रतिनिधित्व खत्म हो गया। इसके बाद पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्हें सिर्फ 3 सीटें मिली। हालांकि भाजपा भी 2 सीटों पर ही सिमटकर रह गई। दोनों साथ होते तो करीब 9 सीटें और जीत सकते थे। संगरूर लोकसभा उपचुनाव में 5वें नंबर पर आने से अकाली दल की काफी फजीहत भी हुई।