SNE NETWORK.CHANDIGARH.
पंजाब के कर्मचारियों के वेतन में 163 रुपये की बढ़ोतरी (इंक्रीमेंट) की गई है। कम वेतन वृद्धि से कर्मचारी भड़क उठे और सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। कर्मचारियों ने सरकार पर आरोप लगाए हैं कि वेतन में 163 रुपये की बढ़ोतरी कर कर्मचारियों के साथ घिनौना मजाक किया गया है।
रोष रैली निकाली गई
प्रदेश सरकार की तरफ से नंगल नगर काउंसिल के अस्थायी कर्मचारियों के वेतन में 163 रुपये प्रति महीना वृद्धि की गई है। सरकार के निर्णय का विरोध होना शुरू हो गया है। म्यूनिसिपल इंप्लाइज यूनियन नंगल के अध्यक्ष कौशल कुमार के नेतृत्व में सोमवार को रोष रैली निकाली गई। इसके बाद एक ज्ञापन एसडीएम नंगल अनमजोत कौर के माध्यम से श्रम विभाग, डीसी रूपनगर, नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी सहित पंजाब के मुख्यमंत्री को भी भेजा गया।
घिनौना मजाक
यूनियन नेता कौशल कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार ने नगर काउंसिल के अस्थायी कर्मचारियों के वेतन में मात्र 163 रुपये प्रति महीने की वृद्धि कर घिनौना मजाक किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की आप सरकार से नगर काउंसिल कर्मचारियों को बहुत उम्मीदें थी, लेकिन उन पर पूरी तरह पानी फिरता नजर आ रहा है। अस्थायी कर्मचारियों का वेतन कम से कम 20 हजार होना चाहिए ताकि उनके घर परिवार का खर्च व बच्चों की पढ़ाई अच्छी तरह हो सके। अस्थायी कर्मचारियों को इस समय 10 हजार के वेतन मिल रहा है। इतने कम वेतन में उनके घर का खर्च भी नहीं चलता।

