55 किलोग्राम अफीम सहित जंडियाला गुरु का तस्कर गिरफ्तार, विदेश से जुड़े है तार

दिल्ली में पकड़ी गई 300 किलोग्राम हेरोइन के लिंक विदेश में बैठे नवप्रीत सिंह के साथ

एसएनई न्यूज़.चंडीगढ़।

पंजाब पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जालंधर से एक बड़े अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिससे 55 किलो अफीम बरामद की गई थी। वह अर्बन क्रूजर कार में अफीम की तस्करी कर रहा था। हालांकि मौके से उसका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा। विदेश में बैठे दूसरे तस्कर ने उसके जरिए यह अफीम भिजवाई थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ में जुटी है।

पंजाब पुलिस कार्यकारी निदेशक इकबाल प्रीत सहोता ने बताया कि जालंधर ग्रामीण पुलिस के सीआईए विंग ने करतारपुर-किशनपुरा रोड पर नाकाबंदी कर रखी थी। चेकिंग के दौरान एक टोयटा अर्बन क्रूजर कार को तलाशी के लिए रोका गया। उसमें से पुलिस को अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने कार सवार तस्कर युद्धवीर सिंह उर्फ जोधा निवासी देवीदास पुर, जंडियाला गुरु, अमृतसर को गिरफ्तार कर लिया। मौके से उसका साथी पलविंदर सिंह उर्फ सन्नी निवासी अमृतसर फरार होने में  में कामयाब रहा।

प्राथमिक जांच में युद्धवीर ने बताया कि अफीम की यह खेप उसे कुख्यात तस्कर नवप्रीत सिंह उर्फ नव निवासी वजीर भुल्लर (ब्यास) ने भिजवाई थी। नवप्रीत नव इस वक्त विदेश में रह रहा है। वह वहां से अपने साथियों के जरिए हेरोइन और अफीम तस्करी का नेटवर्क चला रहा है। नवप्रीत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के कई केस दर्ज हैं। वह फिल्लौर में हुए चिंटू हत्याकांड में भी वांटेड है।

कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस के स्पेशल सैल ने 300 किलो हेरोइन पकड़ी थी। उसमें भी नवप्रीत नव का नाम सामने आया था। जालंधर रूरल पुलिस के एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि पकड़े गए तस्कर युद्धवीर पर भी पहले केस दर्ज हैं, जिनमें वह वांटेड था। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।

50% LikesVS
50% Dislikes