वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
चंडीगढ़ में नए मेयर के चुनाव से कुछ घंटे पहले ही मौजूदा मेयर के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है। चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने मेयर कुलदीप टीटा और उनके साले राहुल के खिलाफ FIR दर्ज की है। दोनों पर एक व्यक्ति से सफाईकर्मी की नौकरी लगवाने के नाम पर 75 रुपए लेने का आरोप है। मामला तब सामने आया जब पीड़ित रवि ने चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई। क्राइम ब्रांच ने जांच के बाद सबूतों के आधार पर FIR दर्ज की। पुलिस अब मेयर और उनके साले को गिरफ्तार करने की तैयारी में है। अगर पुलिस कल चुनाव से पहले मेयर को गिरफ्तार कर लेती है तो पूरा चुनावी समीकरण बदल सकता है। वहीं सूत्रों की मानें तो AAP कल सुबह 11 बजे से पहले हाई कोर्ट में गिरफ्तारी के खिलाफ याचिका दाखिल कर सकती है।
इस घटना ने शहर की राजनीति में हलचल मचा दी है, क्योंकि 30 जनवरी यानी कल ही नए मेयर का चुनाव होना है। भ्रष्टाचार का मामला सामने आने के बाद भाजपा ने मेयर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर इस्तीफे की मांग की। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) ने इसे राजनीति से प्रेरित बताया है। AAP का आरोप है कि चुनाव जीतने के लिए BJP इस तरह की कोशिश कर रही है। बता दें कि यह पहला मौका है जब चंडीगढ़ में किसी सिटिंग मेयर पर भ्रष्टाचार का केस दर्ज हुआ है।
शिकायतकर्ता बोला- 75 हजार में हुआ सौदा
रवि ने मंगलवार को एसएसपी विंडो पर शिकायत दी थी। पीड़ित के अनुसार- नगर निगम में आउटसोर्सिंग पर नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 1 लाख रुपए मांगे गए थे। 75 हजार रुपए नकद और उसके बाद 35 हजार उसने ऑनलाइन दे दिए थे। उसने पूरा रिकॉर्ड पुलिस को सौंपा जिसके बाद शिकायत दर्ज हुई है।