वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर।
गणतंत्र दिवस वाले दिन हेरिटेज स्ट्रीट पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर हथौड़े मारकर खंडित करने वाले आरोपी आकाशदीप को शुक्रवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। जांच-पड़ताल में इस बात का भी बड़ा खुलासा हुआ कि साजिश दुबई से रची गई थी। अंजाम देने के लिए 2 शहर तय किए गए थे। अमृतसर में वारदात को अंजाम देने में कामयाब रहा, जबकि, बठिंडा में वारदात को अंजाम देने से पहले गिरफ्तार हो गया। कट्टरपंथी समुदाय से लिंक भी जुड रहा है, जबकि, पुलिस जांच का विषय बता कर कुछ भी कहने से गुरेज कर रही है।
निगम भी पूरा-पूरा कसूरवार
वहीं एक दिन पहले हेरिटेज स्ट्रीट स्थित डॉ. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा का अपमान किए जाने के मामले में नगर निगम की भी बड़ी लापरवाही सामने आई थी। गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले ही निगम के दमकल विभाग ने प्रतिमा के पास सीढ़ी लगा दी थी। जांच के दौरान दमकल विभाग की ओर से संबंधित जगह पर सीढ़ी लगाने का सीसीटीवी फुटेज भी अब सामने आ गया है। यह फुटेज 25 जनवरी की रात का है। करीब 8:45 बजे दमकल विभाग की गाड़ी प्रतिमा के नजदीक पहुंची और वहां पर विभाग के कर्मचारियों ने सीढ़ी प्रतिमा के पास लगा दी। यह सीढ़ी सारी रात ही वहीं पर ही लगी रही और गणतंत्र दिवस वाले दिन भी लगी रही। जांच की जा रही है कि निगम की तरफ से यहां पर सीढ़ी किसके कहने पर लगाई गई थी।