SNE NETWORK.CHANDIGARH।
आम आदमी पार्टी (आप) के जालंधर से निवर्तमान सांसद सुशील रिंकू तथा आप विधायक शीतल अंगुराल आप छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। प्राथमिक सदस्यता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिलाई। पार्टी में शामिल होने के उपरांत दोनों नेताओं का भाजपा ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जालंधर से भाजपा की तरफ से रिंकू प्रत्याशी होंगे। उधर, आप के सीएम मान ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया जताई। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर लगभग 4 बजे रिंकू ने एक्स पर पोस्ट डाल कर आप के सभी पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी थी। भाजपा में शामिल होने वाले दोनों के घर बाहर कड़ी सुरक्षा तैनात कर दी गई। पता चला है कि आप के कुछ वर्कर उन दोनों के आवास पर रोष-प्रदर्शन कर रहे है। किसी को भीतर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
पंजाब प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि रिंकू तथा शीतल द्वारा भाजपा में शामिल होने से संगठन तथा पार्टी को मजबूती हासिल होंगी। दोनों नेता काफी मजबूत आधार के है। पार्टी उनका दिल से स्वागत करती है। लुधियाना में रवनीत सिंह बिट्टू का भाजपा में शामिल होने के बाद जालंधर से रिंकू , शीतल अंगुराल भी भाजपा में शामिल हो चुके है। इससे एक बात साफ हो जाती है कि पंजाब में भाजपा ने दो प्रत्याशियों की टिकट को पक्का कर दिया। इनमें लुधियाना से बिट्टू, जालंधर से सुशील रिंकू शामिल है।
भाजपा की प्रशंसा की
रिंकू ने भाजपा पार्टी तथा उनके नेताओं की भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों विकास के कई कार्य थे जो कि लंबे समय से अटके थे। भाजपा नेताओं ने इस काम में उनका सहयोग दिया। वे सब काम एक-एक करके पूरे हो गए। इससे आम जनता खुश हो गई। उक्त नेताओं के काम करने के तरीके की वजह से वह भाजपा में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित हुए।