वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
बाबा बुड्ढ़ा दल के निहंग सरेआम पंजाब में कानून को अपने हाथ में ले रहे है। इतना ही नहीं, पंजाबी गायक तथा अभिनेता-अभिनेत्रियों को धमकी या फिर चेतावनी सोशल मीडिया के माध्यम से जारी कर रहे हैं। ताजा मामला, बालीवुड के प्रसिद्व गायिका नेहा कक्कड़ तथा उनके पति रोहनप्रीत सिंह से जुड़ा है। उन्हें बाबा बुड्ढ़ा दल के निहंग बाबा मान सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से चेतावनी दी। पुलिस को शिकायत करने की बात अभी सामने नहीं आई है। यह वहीं निहंग बाबा मान सिंह हैं, जिन्होंने पिछले दिनों कुल्हड़ पिज्जा दंपत्ती को धमकी दी थी। पता चला है कि उक्त दंपत्ती इस मामले को लेकर हाइकोर्ट की शरण में पहुंच चुका है।
सवाल इस बात का खड़ा होता है कि बाबा बुड्ढ़ा दल को किसने इतनी शाक्तियां प्रदान कर दी है कि वह कानून को अपने हाथ में ले रहे है। उनका कोई औचित्य ही नहीं बनता है कि किसी भी सिंगर या सोशल मीडिया इनफलूअंसर को धमकी दें। हर किसी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। कोई भी कानून के दायरे में कुछ कर सकता है। अगर, उन्हें किसी प्रकार से कोई दिक्कत है तो वे लोग कानून के दायरे में रहकर उनके खिलाफ अपील या कानूनी कार्रवाई करवा सकते हैं। नाकि, कानून को हाथ में लेकर सरेआम धमकियां देना है। फिलहाल, कुछ दिनों के भीतर 2 मामले सामने आने के बाद अब सरकार से लेकर पुलिस प्रशासन को कोई बड़ा कदम उठाने की आवश्यकता है, नहीं तो इससे लोगों का सरकार तथा पुलिस के प्रति विश्वास समाप्त हो जाएगा।
..क्या था पूरा मामला
दरअसल, नेहा कक्कड़ तथा रोहनप्रीत सिंह हमेशा सोशल मीडिया में काफी सक्रिय रहते है। सोशल मीडिया में उनकी एक वीडियो बाबा बुड्ढ़ा दल के नेता मान सिंह के पास पहुंची। उन्होंने उस वीडियो पर ऐतराज जताते कहा कि ये लोग सरेआम अश्लीलता को परोस रहे है जोकि हमारे समाज की युवा पीढ़ी पर प्रतिकुल असर डाल रही है। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। उन्हें मर्यादा में रह कर काम करना चाहिए। बाबा मान सिंह ने सोशल मीडिया में चेतावनी देते कहा कि इस प्रकार की वीडियो को तत्काल डिलीट किया जाए, अन्यथा आपके खिलाफ हम बड़ी कार्रवाई करेंगे। बता दें कि कुल्हड़ पिज्जा दंपती को भी पिछले दिनों धमकी मिली थी , उन्होंने इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में अपील की हैं।

