वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
शिरोमणि अकाली दल के नेता परमबंस सिंह उर्फ बंटी रोमाणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने का आरोप है। वीडियो में गाने के बोल से छेड़छाड़ की गई है। उनके खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 468, 469, 500 और आईटी एक्ट की धारा-43 और 66 के तहत केस दर्ज किया है।
वहीं, गिरफ्तारी के बाद अकाली दल हरकत में आ गया है। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मोहाली एसएसपी के ऑफिस पहुंचे और उन्होंने इस कार्रवाई को बदले की राजनीति बताई और अपना विरोध दर्ज कराया। बादल ने कहा कि सहायक प्रोफेसर आत्महत्या मामले में अब तक केस दर्ज नहीं किया गया है। वहीं, इस मामले में 24 घंटे से पहले ही केस दर्ज कर लिया गया।
2014 का है वीडियो.
बंटी रोमाणा ने एक मिनट 27 सेकंड का यह विवादित वीडियो 25 अक्टूबर की शाम 4:29 बजे एक्स पर पोस्ट किया। इसे 24 घंटे में 20 हजार से अधिक व्यूज मिले हैं। वीडियो में मशहूर पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल की आवाज थी और गाने के बोल थे ”तेरी केजरीवाल नाल यारी ओए… ताइयो (तभी) मंदबुद्धि) गई है मारी ओए…”।