वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्या मामले में सजा काट रहे दोषी बलवंत सिंह राजोआना को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से पैरोल मिली है। बलवंत सिंह राजोआना को दो घंटे की पैरोल मिली है। बलवंत सिंह राजोआना के भाई कुलवंत सिंह राजोआना की मौत के बाद उनके गांव में बुधवार को होने वाले भोग और अंतिम अरदास की रस्म के लिए पैरोल दी गई है। हाई कोर्ट ने राजोआना को पुलिस कस्टडी में सुबह 11 से 2 बजे तक भाई के भोग और अंतिम अरदास में शामिल होने की इजाजत दी है।
पटियाला जेल में बंद राजोआना ने अपने भाई के 20 नवंबर को होने वाले भोग और अंतिम अरदास में शामिल होने के लिए टेंपरेरी पैरोल दिए जाने की मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। याचिका में कहा था कि उनके भाई कुलवंत सिंह राजोआना की 14 नवंबर को मौत हुई है। 20 नवंबर को लुधियाना के राजोआना कलां गांव के मंजी साहिब गुरुद्वारे में उनका भोग है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें इजाजत दी जाए।
बता दें कि इससे पहले जनवरी 2022 में हाई कोर्ट ने उनके पिता की मृत्यु के बाद भोग और अंतिम अरदास में पुलिस कस्टडी में शामिल होने की इजाजत दी थी। इसी आधार पर राजोआना ने अब दोबारा अपने भाई के भोग और अंतिम अरदास में शामिल होने के लिए टेंपरेरी पैरोल दिए जाने की मांग की थी।