CHANDIGARH-NEWS…नगर निगम चुनाव के लिए BJP ने जारी की अपने उम्मीदवारों की सूची

प्रतीकात्मक तस्वीर

SNE NETWORK.CHANDIGARH.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस सूची में कुल 23 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।

यहां देखें पूरी सूची-

Image

Image

भाजपा की 23 उम्मीदवारों की पहली सूची ने शहर की राजनीति में कई नए समीकरण पैदा कर दिए हैं। इस सूची को केवल उम्मीदवारों की घोषणा नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर पुराने चेहरों, नए दावेदारों और वार्डों के आरक्षण के बीच हुए राजनीतिक बदलाव के रूप में भी देखा जा रहा है। सबसे दिलचस्प तथ्य यह है कि 2021 के नगर निगम चुनाव में भाजपा के टिकट पर जीतने वाले पार्षदों में से केवल तीन चेहरे पहली सूची में दोबारा नजर आ रहे हैं। इनमें वार्ड 12 से सौरभ जोशी, वार्ड 33 से कंवरजीत सिंह राणा और वार्ड 35 से राजिंदर कुमार शर्मा शामिल हैं। तीनों को अपने पुराने वार्ड से ही दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है।


2021 के चुनाव में भाजपा के टिकट पर जीतने वाले 12 पार्षदों की तुलना मौजूदा 23 उम्मीदवारों की सूची से करने पर नौ पुराने पार्षदों के नाम इसमें नहीं मिलते। इनमें महेशइंदर सिंह सिद्धू, दलीप शर्मा, सरबजीत कौर, मनोज कुमार, हरजीत सिंह, बिमला दुबे, अनूप गुप्ता, कुलजीत सिंह संधू और जस्मनप्रीत सिंह शामिल हैं।

हालांकि, इसे अभी इन सभी का टिकट कटना नहीं कहा जा सकता, क्योंकि भाजपा ने सभी 35 वार्डों के उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। इस बार नगर निगम के 35 वार्डों में से 12 महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें नौ सामान्य महिला और तीन अनुसूचित जाति महिला वार्ड हैं। वार्ड 2, 8 और 11 जैसे वार्ड, जहां पहले भाजपा के पुरुष पार्षद जीतकर आए थे, अब महिला आरक्षित हो चुके हैं। इस बदलाव का सीधा असर महेशइंदर सिंह सिद्धू, हरजीत सिंह और अनूप गुप्ता जैसे नेताओं की दावेदारी पर पड़ा है। वार्ड 3 के दलीप शर्मा और वार्ड 29 के मुनव्वर जैसे नेताओं के सामने भी आरक्षण के कारण चुनौती पैदा हुई है।

भाजपा ने सात महिला उम्मीदवारों को टिकट देकर महिला आरक्षण का लाभ उठाने की कोशिश की है। वहीं कई वार्डों में नए नाम सामने लाकर पार्टी ने यह संकेत दिया है कि इस बार केवल पुराने पार्षदों के अनुभव के आधार पर टिकट नहीं दिए गए हैं। वार्ड 27 से गुरबख्श रावत को उम्मीदवार बनाया गया है, जो 2021 में कांग्रेस के टिकट पर इसी वार्ड से पार्षद चुनी गई थीं। इसी तरह वार्ड 10 से देवेंद्र बबला की उम्मीदवारी भी ध्यान खींचती है। उनकी पत्नी हरप्रीत कौर बबला 2021 में कांग्रेस की पार्षद चुनी गई थीं।


भाजपा की पहली सूची से यह साफ है कि पार्टी ने कुछ पुराने चेहरों पर भरोसा बरकरार रखा है, जबकि कई पूर्व पार्षदों को अभी इंतजार करना होगा। पहली सूची में नौ पुराने भाजपा पार्षदों की अनुपस्थिति ने टिकट वितरण को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि शेष 12 वार्डों में भाजपा किन पुराने पार्षदों को दोबारा मौका देती है और किन नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारती है। यही दूसरी सूची भाजपा की वास्तविक टिकट रणनीति की तस्वीर और स्पष्ट करेगी।###USA###CANADA###UK###PUNJAB###CHANDIGARH###MCA###ELECTION###BJP###AAP###CONGRESS###AUSTRALIA###NEWZEALAND###GERMANY###ITLAY###FRANCE###

100% LikesVS
0% Dislikes