SNE NETWORK.CHANDIGARH.
पंजाबी छात्रों का तीव्र गति से विदेश जाने का दौर तेज़ी से जारी जारी है। प्रदेश सरकार चाहे जितने मर्जी प्रयास कर लें, लेकिन इन सब के बावजूद पंजाब से पंजाबियों की विदेश जाने की लालसा कम नहीं हो रही है। जानकारी सामने आयी है कि पंजाब में हर घंटे लगभग 130 पासपोर्ट बन रहे हैं। इनमें से ज्यादातर उन छात्रों के हैं जो कनाडा व अन्य देशों में पढ़ाई करके वहीं बसना चाहते हैं।
2023 में जारी किए 12 लाख पासपोर्ट
आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2023 में पंजाब में 12 लाख पासपोर्ट जारी किए गए हैं, जबकि 2024 के पहले 6 महीनों यानि कि जनवरी से जून तक पंजाब में 6 लाख पासपोर्ट बनाए गए हैं। अगर 1 जनवरी 2014 से जून 2024 यानि लगभग साढ़े दस वर्ष की बात करें तो इस दौरान पंजाब में 1 लाख पासपोर्ट बनाए गए है। साल 2023 में पंजाब में हर दिन औसतन 4000 पासपोर्ट बने हैं। इस लिहाज से पंजाब में हर घंटे 150 करीब पासपोर्ट बन रहे हैं व हर महीने एक लाख से ज्यादा पासपोर्ट बनते हैं।
इकलौते बेटा-बेटी भी छोड़ रहे देश
विदेश में जाने व वहां पर बसने का क्रेज युवाओं पर इस कदर हावी है कि युवा किसी भी तरह कनाडा व अन्य देशों में रहना चाहते हैं। विदेशों के सख्त कानून भी पंजाबियों को रोक नहीं पा रहे हैं। हालात यह हैं कि किसी परिवार का इकलौता बेटा या बेटी भी विदेश की चकाचौंध को देख विदेश जा रहे हैं व वहीं बस रहे हैं। उनके माता-पिता अकेले ही पंजाब में जिदंगी व्यतीत कर रहे हैं। केंद्रीय विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले 10 साल में पंजाब के लगभग 28 हजार वासियों ने देश की नागरिकता छोड़ दी है।

