वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
विधायक सुखपाल खैरा की गिरफ्तारी को लेकर एकजुट होकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया हैं। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने एक्स पर एक बड़ा बयान दे डाला। सिद्धू ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा कि I.N.D.I.A गठबंधन एक ऊंचे पहाड़ की तरह खड़ा है… यहां-वहां के तूफान से इसकी भव्यता पर कोई असर नहीं पड़ेगा! हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस ढाल को तोड़ने का कोई भी प्रयास निरर्थक साबित होगा… पंजाब को समझना होगा कि यह भारत के प्रधानमंत्री को चुनने का चुनाव है न कि पंजाब के मुख्यमंत्री का!
बता दें कि कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच ठन गई है। कांग्रेस और आप दोनों ही दल राष्ट्रीय स्तर पर बने I.N.D.I.A गठबंधन का हिस्सा हैं लेकिन पंजाब में दोनों दलों के बीच चली आ रही खींचतान अब सड़क पर आने लगी है। खैरा की गिरफ्तारी ने पंजाब में कांग्रेस नेताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर ला दिया है।
वडिंग-बाजवा नहीं है आप के साथ गठबंधन के पक्ष में
राजा वड़िंग और प्रताप सिंह बाजवा समेत कई दिग्गज कांग्रेस नेता पंजाब में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं। उधर, राज्य की आप सरकार कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई में जुटी है। खैरा की गिरफ्तारी से प्रताप सिंह बाजवा इतना भड़के कि उन्होंने एक्स पर लिखा दिया था कि मुख्यमंत्री भगवंत मान, सरकारें सदा नहीं रहतीं। आपके तानाशाह गुंडाराज की सख्त आलोचना करता हूं।