वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाबी रैपर शुभ को संयुक्त राष्ट्र ने क्लाइमेट एडवाइजरी का ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर चुना है। यह घोषणा बाकू अजरबैजान में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP 29 में की गई। संयुक्त राष्ट्र का यह फैसला शुभ की लोकप्रियता, संगीत और फैन फॉलोइंग को ध्यान में रखते हुए लिया गया। जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन (UNFCCC) का मानना है कि शुभ का संगीत न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि वह अपनी कला और मंच का उपयोग सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने के लिए भी कर सकते हैं।
UNFCCC के प्रतिनिधि जिंगवेन यांग ने शुभ के योगदान और उनकी वैश्विक पहुंच की प्रशंसा करते हुए कहा – उनका संगीत और उनकी पहल जलवायु परिवर्तन के बारे में जागरूकता बढ़ाने में अत्यधिक प्रभावशाली हैं। उनकी कला भविष्य की पीढ़ियों के लिए ऐतिहासिक जलवायु जानकारी को संरक्षित करने में भी मदद करती है।
शुभ ने इस अवसर पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और कहा कि यह भूमिका उनके लिए एक बड़ा अवसर है। वे इसका उपयोग जलवायु परिवर्तन पर जागरूकता फैलाने, ज्ञान साझा करने और हमारी धरती पर सभी जीवित प्राणियों के लिए एक स्थायी भविष्य बनाने के लिए करेंगे।
इस नई भूमिका के साथ, शुभ ने खुद को वैश्विक जलवायु पहलों का समर्थन करने वाले बड़े सितारों की सूची में शामिल कर लिया है। इनमें कोल्डप्ले, बीटीएस, बिली इलिश, लियोनार्डो डिकैप्रियो और डेविड बेकहम जैसे नाम शामिल हैं, जो पहले से ही संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न पहलों से जुड़े हुए हैं।
पंजाबी रैपर शुभ पर 2023 में आरोप लगा कि उन्होंने खालिस्तान समर्थक विचारधारा को बढ़ावा दिया। उनके एक सोशल मीडिया पोस्ट में भारत के नक्शे को बिना जम्मू-कश्मीर और पंजाब के दिखाया गया था, जिसे कई लोगों ने भारत-विरोधी माना। इस विवाद के कारण शुभ के भारत में कई शो रद्द कर दिए गए थे। खासकर उनके मुंबई कॉन्सर्ट को भारी विरोध के चलते रद्द कर दिया गया।
शुभ के इंस्टाग्राम और ट्विटर पर किए गए कई पोस्ट विवाद का विषय बने। वी स्टैंड टोगेदर पोस्ट को भारत विरोधी माना गया था। हालांकि, शुभ ने बार-बार कहा है कि उनके पोस्ट को गलत संदर्भ में लिया गया।