SNE NETWORK.CHANDIGARH.
आयुष्मान योजना का दुरुपयोग व इलाज न करने वाले अस्पतालों के खिलाफ पंजाब सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने 3 स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान योजना के पैनल से बाहर कर दिया है। साथ ही 18 केंद्रों को योजना से सस्पेंड भी किया गया हैं। साथ ही 2.80 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि दुरुपयोग बिल्कुल सहन नहीं किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में ही मामला सामने आया था, जहां पर महिलाओं के गर्भाशय निकाल लिए गए थे, क्योंकि उनमें अस्पतालों के अधिक पैसे बनते थे। पंजाब में इस प्रक्रिया को रोकने के लिए सख्ती की जा रही है। उन्होनें कहा कि जो अस्पताल इलाज नहीं कर रहे हैं, भ्रम फैला रहे हैं व योजना का दुरुपयोग कर रहे हैं, उनको पैनल से बाहर करेंगे। साथ ही सेवा भावना रखने वाले स्वास्थ्य केंद्रों को साथ जोड़ेंगे।
कुल 45 लाख लाभार्थी
आयुष्मान योजना के कुल 45 लाख लाभार्थी हैं, जिसमें से 16.65 लाख के लिए केंद्र की तरफ से 60 प्रतिशत राशि जारी की जाती है। केंद्र की कुल 350 करोड़ रुपये राशि बनती थी, लेकिन अभी तक 169 करोड़ ही जारी किए गए हैं। 51 करोड़ रुपये प्रशासनिक चार्जेस है और 17 करोड़ पिछला बकाया भी है। इसी तरह कुल 249 करोड़ रुपये केंद्र सरकार ने जारी करने हैं।

