वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब में फिर से बैलगाड़ी दौड़ देखने को मिलेगी। विधानसभा में शुक्रवार को द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स (पंजाब संशोधन) विधेयक को मंजूरी दे दी गई। इस पर सीएम भगवंत मान ने कहा कि सिर्फ किला रायपुर नहीं बल्कि पूरे पंजाब में इसका आयोजन किया जाएगा। मान ने कहा कि मेरे गांव में भी बैलगाड़ी दौड़ होती है लेकिन किला रायपुर की दौड़ की चर्चा विश्व भर में है।
मान ने कहा कि यह अफवाह बिना मतलब के फैला दी गई कि इन खेलों के दौरान जानवरों पर जुल्म किया जाता है। किसी भी तरह का जुल्म नहीं होता। किसान सभी पशुओं को अपने बच्चों की तरह पालते हैं। इस विधेयक में यह प्रावधान जरूरी कर दिया गया है कि बैलगाड़ी दौड़ के दौरान प्रतिभागियों के हाथ में डंडा नहीं होगा। सिर्फ हाथ से ही वह पशुओं को आगे भागने के लिए प्रोत्साहित कर सकेंगे।
मान ने कहा कि विधेयक का मुख्य उद्देश्य खेलों में भाग लेने वाले पशुओं के लिए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करना है जिसमें पशुओं की पशु चिकित्सा निगरानी, सुरक्षा मानक, पंजीकरण व दस्तावेज संबंधी शर्तों के उल्लंघन के लिए सजा शामिल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विधेयक गांवों में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पंजाब की देसी पशु नस्लों को बचाने में भी मदद करेगा।

