वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) पटियाला और स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) मोहाली ने खुफिया सूचना के आधार पर ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के 3 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आरोपी 1 अप्रैल 2025 को पटियाला के बादशाहपुर और 6 अप्रैल 2025 को हरियाणा के अजीमगढ़ में पुलिस चौकी पर हुए ग्रेनेड हमलों में शामिल थे। आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद इनसे 2 हैंड ग्रेनेड, एक .30 बोर और एक .32 बोर की पिस्तौल बरामद की गई हैं।

जांच में खुलासा हुआ है कि इन हमलों को विदेशों में बैठे बीकेआई ग्रुप के आतंकी मनु अगवान (ग्रीस) और मनिंदर बिल्ला (मलेशिया) के निर्देश पर अंजाम दिया गया। यह मॉड्यूल पाकिस्तान स्थित आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निर्देशों पर काम कर रहा था। जांच में और भी चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। उक्त तीनों आतंकियों को विदेशों में बैठे हैंडलरों से वित्तीय और लॉजिस्टिक सहायता मिल रही थी। ऐसे में उक्त तीनों पंजाब में पुलिस थानों पर हमलों की योजना बना रहे थे। तीनों के खिलाफ एसएसओसी मोहाली में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

