वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब के युवाओं के लिए राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में भर्ती हजारों पद निकाले गए है। इनकी कुल संख्या 1746 सिपाही पद की बताई जा रही है। इनमें 1261 पद डिस्ट्रिक्ट कैडर और 485 पद आर्म्ड कैडर के हैं। 21 फरवरी को शाम 7 बजे से इन 1746 पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। योग्य उम्मीदवार 13 मार्च रात 11.55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता 12वीं होना अनिवार्य
बीते दिनों पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने पटियाला में पुलिस फोर्स में क्रिएट किए 10 हजार नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद एक बार फिर पंजाब सरकार अपने कामकाज में जुट गई है। डिस्ट्रिक्ट कैडर के 1261 में से 410 पद महिला आवेदक के लिए रिजर्व रखे गए हैं। इसी तरह आर्म्ड कैडर पुलिस में 485 में 157 पद महिलाओं के लिए रिजर्व हैं। कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 1 जनवरी 2025 को 18 साल और अधिकतम उम्र 28 साल है। रिजर्व कैटेगरी के लिए अधिकतम उम्र 33 साल रखी गई है। उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता 12वीं होना अनिवार्य है, जबकि एक्स सर्विसमैन के लिए 10वीं पास होना जरूरी है।
वेबसाइट पर भर्ती का नोटिफिकेशन अपलोड
पंजाब पुलिस की अधिकारिक वेबसाइट पर भर्ती का नोटिफिकेशन अपलोड किया गया है। https://www.punjabpolice.gov.in/ वेबसाइट पर कोई भी उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी सभी जानकारी जुटा सकता है। कांस्टेबल के पदों पर उम्मीदवारों का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट लिया जाएगा। पहला पेपर 100 और दूसरा 50 अंक का होगा। सामान्य श्रेणी के आवेदकों के लिए आवेदन शुल्क 1200 रुपये, पंजाब के एक्स सर्विसमैन के लिए 500 रुपये और एससी, एसटी, बैकवर्ड क्लास व ईडब्ल्यूएस के लिए आवेदन शुल्क 700 रुपये रखा गया है।