वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब में गुरुवार को जालंधर, फिरोजपुर, कपूरथला, अबोहर, मुक्तसर और अमृतसर में झमाझम बरसात हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया। बारिश से पारा गिरकर सामान्य से 6.8 डिग्री नीचे पहुंच गया था। तापमान में 2.9 डिग्री की कमी दर्ज की गई। सबसे अधिक 36.1 डिग्री का पारा बठिंडा का दर्ज किया गया।
मक्की की फसल बारिश से खराब
फिरोजपुर शहर की दाना मंडी में किसान अपनी मक्की (कॉर्न) की फसल बेचने के लिए लाए थे। मक्की धूप में सूखने के लिए रखी हुई थी। रात से हो रही बारिश के चलते मक्की पानी में बहकर सड़कों पर बिखर गई। किसानों का कहना है कि उनकी मक्की की फसल बारिश से खराब हो गई है। वह अपनी मक्की की फसल बेचने के लिए मंडी में लेकर आए थे।
भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आज के लिए बेहद भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार से पांच दिन तक पंजाब में तेज आंधी तूफान के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी हुआ है। इससे आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी दर्ज की जा सकती है। इससे फिलहाल गर्मी से राहत रहेगी।
जानिए, इन शहरों का क्या रहा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक मोगा में 22.0 एमएम, रूपनगर में 14.0 एमएम, पठानकोट में 13.0, फरीदकोट में 7.0, वहीं बुधवार दिन में अमृतसर में 30.0 एमएम व पटियाला में 16.0 एमएम की बारिश दर्ज की गई।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री (सामान्य से 6.7 डिग्री नीचे), लुधियाना का भी 30.8 डिग्री (सामान्य से 5.1 डिग्री नीचे), पटियाला का 27.8 डिग्री (सामान्य से 8.7 डिग्री नीचे), पठानकोट का 32.0 डिग्री, फिरोजपुर का 32.6 डिग्री, फरीदकोट का 33.5 डिग्री और जालंधर का 31.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर का न्यूनतम पारा 28.7 डिग्री दर्ज किया गया। लुधियाना का 25.6 डिग्री, पटियाला का 26.6 डिग्री, पठानकोट का 29.1 डिग्री, बठिंडा का 29.2 डिग्री फरीदकोट का 28.7 डिग्री और जालंधर का 29.0 डिग्री दर्ज किया गया।