SNE NETWORK.INTERNATIONAL DESK.
अमेरिका के इंडियाना राज्य में एक नए कानून ने विदेशी ट्रक ड्राइवरों, विशेषकर पंजाबी सिख समुदाय की आजीविका पर बड़ा प्रहार किया है। इंडियाना ब्यूरो ऑफ मोटर व्हीकल्स (BMV) ने 1,790 ‘नॉन-डोमिसाइल्ड’ कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस (CDL) रद्द कर दिए हैं। 1 अप्रैल से प्रभावी हुए इस फैसले के बाद हजारों ड्राइवरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। इनमें बड़ी संख्या उन पंजाबी सिखों की है, जो लंबे समय से अमेरिका में ट्रकिंग के जरिए अपना जीवनयापन कर रहे थे।
ब्यूरो ऑफ मोटर व्हीकल्स के अनुसार, नया कानून ‘हाउस एनरोल्ड एक्ट 1200’ अब केवल तीन श्रेणियों के वीजा धारकों—H-2A (कृषि श्रमिक), H-2B (अस्थाई श्रमिक), और E-2 (संधि निवेशक)—को ही कमर्शियल लाइसेंस रखने की अनुमति देता है। इनके अलावा अन्य विदेशी नागरिकों के लाइसेंस अब मान्य नहीं रहेंगे, भले ही उनके पास वैध वर्क परमिट क्यों न हो। इंडियाना सरकार ने यह सख्त कदम हाल ही में हुए कई घातक सड़क हादसों के बाद उठाया है। अधिकारियों का कहना है कि 80,000 पाउंड वजन वाले भारी कमर्शियल ट्रक सड़क पर ‘मिसाइल’ की तरह होते हैं, इसलिए ड्राइवरों के रिकॉर्ड की जांच, अंग्रेजी भाषा का ज्ञान और सख्त ट्रेनिंग अनिवार्य है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले हेंड्रिक्स काउंटी में भारतीय मूल के ड्राइवर सुखदीप सिंह से संबंधित एक बड़े हादसे के बाद इस कानून को लेकर चर्चा तेज हुई थी।
बीएमवी के संचार कार्यकारी निदेशक ग्रेगरी डन ने स्पष्ट किया कि राज्य में लगभग सभी ‘नॉन-डोमिसाइल्ड’ सीडीएल विशेषाधिकार समाप्त कर दिए गए हैं। प्रभावित ड्राइवरों को 16 मार्च को ही नोटिस भेज दिए गए थे। अब इन ड्राइवरों को या तो अपने लाइसेंस को सामान्य ड्राइविंग लाइसेंस में बदलना होगा या फिर कानूनी अपील का रास्ता चुनना होगा। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका का ट्रकिंग सेक्टर पहले से ही ड्राइवरों की भारी कमी से जूझ रहा है। इंडियाना ऐसा कड़ा कानून लागू करने वाला पहला राज्य बन गया है, जबकि कैलिफोर्निया में भी इसी तरह की समीक्षा प्रक्रिया चल रही है।
यूनाइटेड सिख (UNITED SIKHS) जैसे संगठन अब इन ड्राइवरों की कानूनी मदद के लिए आगे आ रहे हैं। प्रभावित लोगों को सलाह दी गई है कि वे इंडियाना बीएमवी पोर्टल के माध्यम से अपनी पात्रता की जांच करें या अपील के विकल्पों पर विचार करें। विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से न केवल व्यक्तिगत परिवारों पर आर्थिक असर पड़ेगा, बल्कि अमेरिका की सप्लाई चेन पर भी इसका प्रभाव दिख सकता है।###USA###CANADA###USA-NEWS###

