एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व विधायक अमरजीत संदोहा जमीन घोटाले में फंस गए हैं। रोपड़ के गांव करूरां में हुए घोटाले के पैसे से उनकी इनोवा गाड़ी खरीदी गई थी। विजिलेंस जांच में इस बात का खुलासा हुआ हैं। एसडीएम ने इनोवा की रजिस्ट्रेशन जब्त कर ली है। हालांकि, पूर्व विधायक ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। वहीं, कांग्रेस ने आप को घेरते हुए कहा कि अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पार्टी के पूर्व विधायक संदोहा पर कार्रवाई करते है या फिर नहीं।
2 माह पहले हुआ था घोटाले का खुलासा
विजिलेंस ने 2 महीने पहले रोपड़ में जंगलात विभाग की जमीन कलेक्टर रेट से दस गुना ज्यादा रेट पर बेचने के घोटाला बेनकाब किया था। इस जांच में पता चला कि पूर्व विधायक पिछले एक साल से जिस इनोवा क्रिस्टा गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह घोटाले के पैसे से खरीदी गई है। यह कार संदोहा के रिश्तेदार ने खरीदी थी। घोटाले के आरोपी के खाते से यह रकम सीधे कार डीलर के खाते में ट्रांसफर हुई। जिसके बाद यह कार खरीदी गई।
विजिलेंस ने ऐसे पकड़ा केस
विजिलेंस ने बैंक खातों की जांच की तो पता चला कि इस घोटाले में नामजद भिंडर ब्रदर्स ने जालंधर की एक महिला के खाते में 2 करोड़ रुपए जमा कराए। महिला ने इसमें से कुछ रकम अपने पति बरिंदर कुमार के खाते में डाल दी। बरिंदर ने 16 अक्टूबर 2020 को एक कार डीलर के अकाउंट में 19 लाख रुपए ट्रांसफर किए। जिसके बदले इनोवा क्रिस्टा गाड़ी खरीदी गई। कार का रजिस्ट्रेशन गांव घड़ीसपुर के मोहन सिंह के नाम पर हुई। मोहन सिंह पूर्व आप विधायक संदोहा का ससुर हैं।
संदोहा बोले- विरोधियों की साजिश
पूर्व विधायक अमरजीत संदोहा ने कहा कि यह सब विरोधियों की साजिश है। वह बेकसूर हैं। शुक्रवार को ही सीएम भगवंत मान को उन्होंने इस बारे में सब बता दिया है। इनोवा गाड़ी उन्हें ससुर ने इस्तेमाल करने के लिए दी थी। उन्होंने कभी ससुर की आमदनी के सोर्स के बारे में नहीं पूछा। उनके ससुराल परिवार ने पहले भी कारोबार स्थापित करने में उनकी मदद की थी।

खैहरा बोले- देखते हैं सीएम क्या एक्शन लेंगे
कांग्रेस MLA सुखपाल खैहरा ने कहा कि अब वह देखते हैं कि सीएम भगवंत मान अपनी पार्टी के पूर्व विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं?। अमरजीत संदोहा ने फॉरेस्ट स्कैम के दागी अफसर की तरफ से दिए पैसों से कार खरीदी। कार्रवाई नहीं तो फिर सीएम मान सिर्फ अपने राजनीतिक विरोधियों को ही निशाना बना रहे हैं।